कोलकाता: बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद उसके परिवार की प्रतिक्रिया ने सभी का ध्यान खींचा है। बुधवार सुबह जब पुलिस ने परिवार को प्रभास की मौत की सूचना दी, तो उसकी मां ने न सिर्फ शव लेने से इनकार कर दिया, बल्कि कहा कि बेटे को उसके कर्मों की सजा मिल गई है। मां के इस बयान के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया।
एनकाउंटर में आरोपी प्रभास मंडल की मौत
बारुईपुर रेप-मर्डर केस में मंगलवार देर रात बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मां ने कहा- 'जैसा कर्म, वैसी सजा'
प्रभास मंडल की मां संध्या मंडल ने बेटे के कृत्य पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि उसने जैसा अपराध किया, वैसी ही सजा मिली। उन्होंने साफ कहा कि परिवार उसका शव लेने नहीं जाएगा और वह अपने बेटे का चेहरा तक नहीं देखना चाहतीं।
रीकंस्ट्रक्शन के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12:45 बजे प्रभास मंडल को घटनास्थल पर क्राइम सीन का पुनर्निर्माण कराने ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। बाद में बारुईपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आई वारदात की कहानी
पुलिस जांच में सामने आया है कि तालाब के पास मौजूद एक झोपड़ी में आनंद सरदार और दिबाकर सरदार ने कथित तौर पर प्रभास मंडल को 10 हजार रुपये का लालच देकर नाबालिग को वहां बुलाने के लिए कहा था। विरोध करने पर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर शव को बोरे में भरकर तालाब में फेंक दिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, न्याय की मांग बरकरार
इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की एनकाउंटर में मौत के बावजूद अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। पूरे राज्य में पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने और सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग लगातार उठ रही है।