बसीरहाट: खाद्य सुरक्षा सप्ताह खत्म होने के बाद भी बसीरहाट में खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान थमा नहीं है। शनिवार को विभाग की टीम ने बसीरहाट महकमे के अलग-अलग इलाकों में स्थित रेस्टोरेंट्स और पर्यटन स्थलों के आसपास चलने वाले भोजनालयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और रेस्टोरेंट की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
कहीं एक्सपायरी सामान, तो कहीं सफाई पर सवाल
निरीक्षण के दौरान कुछ भोजनालयों में ऐसी खाद्य सामग्री मिली, जिसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे। कुछ जगहों पर एक्सपायरी सामान भी सामने आया। इसके अलावा भोजन तैयार करने और ग्राहकों को परोसने वाली जगहों पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों ने संबंधित रेस्टोरेंट संचालकों को इन कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
खुले में चल रहे भोजनालयों पर भी नजर
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खुले स्थानों पर संचालित होने वाले रेस्टोरेंट और खाने-पीने की दुकानों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक, दुकानदारों को अपना फूड लाइसेंस ऐसी जगह लगाना होगा, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें। इसके साथ ही भोजन बनाने और परोसने वाले कर्मचारियों को मास्क के साथ सिर पर टोपी पहनने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ नहीं
विभाग ने रेस्टोरेंट संचालकों को साफ संदेश दिया कि ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता के नियमों का पालन नहीं करने पर आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रह सकती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी अपराजिता मजूमदार ने रेस्टोरेंट संचालकों से सभी जरूरी मानकों को दुरुस्त करने और ग्राहकों की सेहत को प्राथमिकता देने की अपील की।