विद्याधरी नदी में जलकुंभी के बीच मिला सड़ा-गला शव
उत्तर 24 परगना जिले के बसिरहाट पुलिस जिला अंतर्गत हाड़ोवा थाना क्षेत्र के नजरनगर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय ग्रामीणों ने विद्याधरी नदी के तट पर जलकुंभी के बीच एक शव तैरता हुआ देखा। शव काफी पुराना होने के कारण सड़ा-गला था। घटना की सूचना तुरंत हाड़ोवा थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बसिरहाट जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की उम्र और पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज मिसिंग डायरी की मदद से शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लापता वृद्ध का इच्छामती नदी से शव बरामद
दूसरी घटना स्वरूपनगर थाना क्षेत्र की है, जहां सगुना ग्राम पंचायत के श्रीनाथपुर गांव निवासी 76 वर्षीय शांति गोपाल खां सुबह-सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। कुछ घंटों बाद इच्छामती नदी से उनका शव बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि वृद्धावस्था के कारण नदी किनारे टहलते समय उनका पैर फिसल गया होगा और वे नदी में डूब गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस, हत्या या हादसा की जांच जारी
बसिरहाट पुलिस जिला प्रशासन दोनों ही मामलों को गंभीरता से ले रहा है। हाड़ोवा में मिले अज्ञात शव के मामले में हत्या के बाद शव को नदी में फेंके जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों में अस्वाभाविक मौत (Unnatural Death) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।