कोलकाता: पश्चिम बंगाल में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम पहल की है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर कोलकाता के बेहला हवाई अड्डे के पुनरुद्धार और उसे फिर से चालू करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने यह पत्र 13 अगस्त 2026 को लिखा था।
ATR-72, एयर एम्बुलेंस और चार्टर्ड उड़ानों के लिए उपयोगी
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में बताया कि बेहला एयरपोर्ट पर मौजूदा 915 मीटर लंबा रनवे है। इसका इस्तेमाल ATR-72 यात्री विमानों, एयर एम्बुलेंस और चार्टर्ड उड़ानों के संचालन के लिए किया जा सकता है। ऐसे में एयरपोर्ट को दोबारा विकसित कर परिचालन शुरू करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
215 एकड़ से ज्यादा जमीन में फैला है एयरपोर्ट
हाल ही में कराए गए ड्रोन सर्वेक्षण में बेहला एयरपोर्ट के क्षेत्रफल से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। सर्वे के मुताबिक एयरपोर्ट कुल 215.5875 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। यह जमीन कोलकाता ब्लॉक के गोपालपुर, बेहला और पोरुई मौजा में स्थित है।
कोलकाता एयरपोर्ट पर दबाव कम करने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बेहला एयरपोर्ट को कोलकाता के मौजूदा हवाई यातायात के लिए एक अतिरिक्त विकल्प के तौर पर विकसित करने पर जोर दिया है। एयरपोर्ट के दोबारा संचालन से नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है।
दक्षिण 24 परगना के विकास को भी मिलेगी रफ्तार
बेहला एयरपोर्ट के संचालन का असर केवल हवाई सेवाओं तक सीमित नहीं रहने की उम्मीद है। इससे कोलकाता और दक्षिण 24 परगना के औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क मिल सकता है। साथ ही पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
मेडिकल इवेक्युएशन में भी होगा फायदा
मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट की उपयोगिता को मेडिकल इमरजेंसी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताया है। बेहला एयरपोर्ट के सक्रिय होने से मेडिकल इवेक्युएशन और एयर एम्बुलेंस सेवाओं को तेजी से संचालित करने में मदद मिल सकती है। इससे आपात स्थिति में मरीजों को दूसरे शहरों तक पहुंचाने का विकल्प मजबूत होगा।
UDAN के तहत उड़ानें शुरू करने की मांग
मुख्यमंत्री ने केंद्र से आग्रह किया है कि बेहला एयरपोर्ट के पुनरुद्धार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और यहां जल्द से जल्द व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू करने पर विचार किया जाए। इसके साथ ही UDAN यानी क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत भी सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया गया है।
राज्य सरकार देगी हर संभव सहयोग
बेहला एयरपोर्ट को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया में राज्य सरकार ने केंद्र को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भूमि, सुरक्षा और आवश्यक मंजूरियों से जुड़े मामलों में राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता और सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।