कोलकाता: पश्चिम बंगाल भाजपा ने संगठन के निचले स्तर पर समन्वय की कमी और अनुशासन से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संगठन को और मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी उद्देश्य से कोलकाता स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में जिला-वार संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू हुआ है।
सुनील बंसल ने की अहम समीक्षा बैठक
गुरुवार को भाजपा के केंद्रीय संगठन महासचिव सुनील बंसल ने कोलकाता उत्तर उपनगर और बारासात संगठनात्मक जिलों के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में जिला नेतृत्व, संगठन पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
अनुशासन और समन्वय पर विशेष जोर
बैठक के दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, जमीनी स्तर पर समन्वय, संगठनात्मक अनुशासन और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में सामने आई शिकायतों के मद्देनज़र संगठन को अधिक प्रभावी और अनुशासित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलों के कामकाज की होगी समीक्षा
भाजपा नेतृत्व प्रत्येक संगठनात्मक जिले के कामकाज की समीक्षा कर रहा है। नेतृत्व के बीच बेहतर तालमेल, कार्यकर्ताओं की जवाबदेही और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।
अब बैरकपुर जिले की बारी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को बैरकपुर संगठनात्मक जिले के नेताओं के साथ भी इसी तरह की बैठक होगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से राज्य के सभी संगठनात्मक जिलों के साथ समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी।