उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ में कथित तौर पर फर्जी पहचान और धर्म छिपाकर एक हिंदू युवती से शादी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर टीटागढ़ थाना पुलिस ने बुधवार देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
'राहुल' बनकर की शादी, असल नाम निकला फरहान खान
पुलिस के अनुसार आरोपी का असली नाम फरहान खान है, जो टीटागढ़ नगरपालिका के वार्ड संख्या चार स्थित बांसबागान इलाके का निवासी है। वहीं पीड़िता वार्ड संख्या पांच की रहने वाली हैI पीड़िता का आरोप है कि युवक ने खुद को राहुल बताकर उससे प्रेम संबंध बनाए और बाद में शादी कर ली। आरोप है कि उसने राहुल नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपनी पहचान छिपाई। शादी के बाद दोनों सोदपुर स्टेशन के पास किराये के मकान में रहने लगे।
सच्चाई सामने आने के बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पीड़िता का कहना है कि शादी के कुछ महीने बाद उसे युवक की वास्तविक पहचान और धर्म को लेकर संदेह हुआ। जांच करने पर उसे पता चला कि युवक का नाम राहुल नहीं बल्कि फरहान खान है। आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी बनाया गया। पीड़िता फिलहाल सात माह की गर्भवती बताई जा रही है।
विश्व हिंदू परिषद भी पहुंची थाने
घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी पीड़िता के साथ टीटागढ़ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विश्व हिंदू परिषद के बैरकपुर जिला सचिव पिनाकी चट्टोपाध्याय ने आरोप लगाया कि युवक ने करीब एक वर्ष पहले हिंदू नाम से आधार कार्ड बनवाकर युवती को अपने जाल में फंसाया, शादी की और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी
टीटागढ़ थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी फरहान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। फर्जी दस्तावेज तैयार करने, पहचान छिपाने और अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।