कोलकाता: उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा में रंगदारी, हथियार के बल पर धमकी और अन्य आपराधिक मामलों में आरोपी कुख्यात अपराधी सुजीत चौधरी उर्फ कालुआ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस हिरासत के दौरान शनिवार को उसे कमर में रस्सी बांधकर भाटपाड़ा के विभिन्न इलाकों में ले जाया गया, जहां मामले से जुड़े कई स्थानों पर जांच की गई।
4 जून को डनलप से हुई थी गिरफ्तारी
भाटपाड़ा थाना पुलिस ने सुजीत चौधरी उर्फ कालुआ को 4 जून 2026 को डनलप इलाके से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे बैरकपुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
जांच के लिए घटनास्थलों पर ले गई पुलिस
पुलिस हिरासत के दौरान शनिवार को जांच के हित में आरोपी को भाटपाड़ा के विभिन्न इलाकों में ले जाकर घटनास्थलों की पहचान कराई गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान कई स्थानों का निरीक्षण किया गया और मामले से जुड़े अहम तथ्यों व साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
कई गंभीर मामलों में आरोपी
पुलिस के अनुसार, सुजीत चौधरी उर्फ कालुआ के खिलाफ रंगदारी वसूली, आग्नेयास्त्र दिखाकर धमकाने सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।