बीजपुर: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पांच देसी वन-शॉटर पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा
पुलिस के अनुसार, बीजपुर थाना कांड संख्या 223/2026 में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार माली से पुलिस हिरासत में गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने अवैध हथियार और कारतूस एक स्थान पर छिपाकर रखे हैं।
पार्टी कार्यालय के पीछे दबा था हथियारों का जखीरा
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 1 अगस्त की देर रात हालीशहर चौमाथा स्थित उसके पार्टी कार्यालय के पीछे तलाशी अभियान चलाया। जमीन में दबे एक पॉलीथिन बैग को बाहर निकालने पर उसमें से 5 देसी वन-शॉटर आग्नेयास्त्र और 6 राउंड जिंदा कारतूस बरामद हुए।
बरामद हथियार जब्त, जांच जारी
पुलिस ने बरामद हथियारों और कारतूस को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।