मोहम्मदबाजार (वीरभूम): पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले में एक बार फिर बेहिसाब नकदी और बेनामी संपत्ति का पहाड़ सामने आया है। मंगलवार देर रात मोहम्मदबाजार थाना क्षेत्र के देउचा स्थित एक घर में पुलिस की अचानक हुई छापेमारी के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। यह घर तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता अनुब्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले बालू व पत्थर कारोबारी टूलू मंडल (मोहम्मद नजीबुद्दीन) के रिश्तेदार (जीजा) मीनार मंडल का है।घर के भीतर थरे-थरे सजाकर रखी गई नोटों की गड्डियों को गिनने के लिए पुलिस को 5 नोट गिनने वाली मशीनें और नकद ले जाने के लिए कई बड़े लोहे के ट्रंक (बक्से) मंगवाने पड़े हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मौके से करोड़ों रुपये की नकदी और करीब 15 किलो सोना बरामद होने की खबर है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का सख्त संदेश: "जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी"
इस बड़ी कार्रवाई के बाद राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस की इस सटीक और साहसिक कार्रवाई की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस के डीजी, वीरभूम के पुलिस अधीक्षक (SP) और मोहम्मदबाजार थाने की टीम को बधाई दी।मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भ्रष्टाचारियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा, “जो लोग सरकारी संपत्ति या जनता का पैसा लूटकर संपत्तियों का पहाड़ खड़ा कर रहे हैं, उनमें से किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। पिछली सरकार के संरक्षण में जिन लोगों ने अवैध कारोबार चलाए, उनका हिसाब होकर रहेगा।”

सरकारी बस ड्राइवर से बना पत्थर-बालू माफिया का पार्टनर
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मीनार मंडल पहले सरकारी बस का ड्राइवर हुआ करता था। बाद में उसने नौकरी छोड़कर पत्थर खदानों और बालू के अवैध कारोबार में कदम रखा। वह टूलू मंडल के कई अवैध खदानों और व्यापार का प्रबंधन भी देखता था। टूलू मंडल का नाम पहले भी कोयला और मवेशी तस्करी (काऊ स्मगलिंग) मामले में सामने आ चुका है और वर्ष 2022 में ईडी (ED) भी उसके ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।

मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक जारी रही छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देउचा बस स्टैंड के पास स्थित मीनार मंडल के आवास पर भारी मात्रा में अवैध नकदी और कीमती धातु छिपाकर रखी गई है। मंगलवार देर रात पुलिस की एक बड़ी टीम ने पूरे मकान को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। बुधवार सुबह होते-होते नोटों के ढेर देखकर खुद पुलिस अधिकारी दंग रह गए। फिलहाल आधिकारिक रूप से बरामद नकदी का अंतिम आंकड़ा घोषित नहीं किया गया है, क्योंकि नोटों की गिनती लगातार जारी है।
बीजेपी और विपक्ष का हमला
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए साईंथिया से बीजेपी विधायक कृष्णकांत साहा ने कहा, “राज्य में परिवर्तन के बाद अब चोरी, डकैती और सिंडिकेट राज खत्म हो रहा है। जो लोग कहते थे 'खेला होबे', वे आज देख रहे हैं कि असली खेल क्या होता है। जनता का लूटा गया पैसा बरामद कर जनकल्याण में लगाया जाना चाहिए।” वहीं बीजेपी के जिला अध्यक्ष उदयशंकर मंडल ने भी कहा कि अवैध बालू-पत्थर माफिया की काली कमाई अब सामने आ रही है।फिलहाल मोहम्मदबाजार इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस अकूत संपत्ति के तार टूलू मंडल और अन्य किन-किन बड़े चेहरों से जुड़े हैं।