बीरभूम: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहम्मद बाजार और रामपुरहाट इलाके की आठ अवैध पत्थर खदानों को बंद करने का नोटिस जारी किया है। चर्चित स्टोन कारोबारी टूलू मंडल की संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों और अवैध लेन-देन के खुलासे के बाद जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
टूलू के रिश्तेदारों और प्रमुख कारोबारियों की खदानों पर लगा नोटिस
मोहम्मद बाजार ब्लॉक के भूमि व भूमि सुधार अधिकारी आनंद विश्वास के नेतृत्व में देवानगंज मौजा में टूलू के रिश्तेदार आपेल मोर्ताजा की खदान पर बंदी का नोटिस चिपकाया गया। इसके अलावा जिले के नामी कारोबारियों मनोज टुडू, शेख करीबुल, सरताज मुल्ला, सुनील सोरेन और शुभधन टुडू की खदानों को भी बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
चांदा और हाटगाछा मौजा में भी प्रशासनिक छापेमारी
प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने चांदा मौजा में तारक टुडू और अनिल किस्कू की खदानों पर जाकर कार्रवाई की। वहीं, हाटगाछा मौजा में बुधन मरांडी की खदान पर भी अभियान चलाया गया। इन सभी खदानों को सरकार की ओर से गैर-कानूनी घोषित करते हुए नोटिस थमाया गया है।

रामपुरहाट क्षेत्र में चार अन्य खदानों पर लटकी नोटिस बोर्ड
रामपुरहाट-1 ब्लॉक के भूमि व भूमि सुधार अधिकारी सुमन विश्वास के नेतृत्व में एक शिकायत के आधार पर चार खदानों में अभियान चलाया गया। चांदपुर मौजा में सफाउद्दीन शेख, जसीमुद्दीन शेख और प्रियतोष कर्मकार की खदानों पर नोटिस लगाया गया, जबकि एकपाड़ा मौजा में मिलन शेख की खदान को भी बंद करने का आदेश जारी किया गया।
28.5 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामदगी के बाद बढ़ा शिकंजा
उल्लेखनीय है कि तृणमूल नेताओं के करीबी माने जाने वाले कारोबारी टूलू मंडल फिलहाल विदेश में हैं। बीते बुधवार को उनके रिश्तेदार मीनार मंडल के घर से 28.5 करोड़ रुपये नकद और करीब 15 किलो सोना बरामद हुआ था। मीनार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नेपाल भागने की कोशिश कर रहे टूलू के भांजे शेख वासिम को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।