बीरभूम: बीरभूम जिले के सिउड़ी थाना क्षेत्र के जियधरपुर गांव के पास रेलवे लाइन किनारे आठ संदिग्ध देसी बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। समय रहते रेलकर्मियों की नजर इन विस्फोटक जैसी वस्तुओं पर पड़ गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इलाके को सुरक्षित कर कार्रवाई शुरू की।
ट्रैक निरीक्षण के दौरान मिले संदिग्ध बम
जानकारी के मुताबिक, रेलवे कर्मचारी नियमित रूप से रेल पटरी का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें ट्रैक के किनारे एक साथ रखे आठ संदिग्ध बम दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि सभी बम सुतली से आपस में जुड़े हुए थे, जिसके बाद रेलकर्मियों ने तुरंत इसकी जानकारी सिउड़ी थाना पुलिस और जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी और सुरक्षा के मद्देनजर बमों को वहां से हटाकर पास के तालाब में ले जाया गया, जहां उन्हें पानी में डालकर निष्क्रिय किया गया।
स्थानीय स्तर पर बनाए गए होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि ये स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए देसी विस्फोटक हो सकते हैं। हालांकि, इन्हें रेलवे लाइन के पास किसने रखा और इसके पीछे क्या उद्देश्य था, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
आरपीएफ भी कर रही मामले की जांच
पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल भी जांच में जुट गया है। आसनसोल मंडल के सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार ने बताया कि मामले की जांच पुलिस कर रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के पास कुछ पटाखे मिले थे, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है। किसी ने जानबूझकर शरारत की है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। आरपीएफ भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।