बहरामपुर : मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने जा रहे आगामी उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार शंखरव सरकार ने बहरामपुर प्रशासनिक भवन पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। बुधवार दोपहर को एक भव्य और रंगारंग शोभायात्रा के साथ बीजेपी प्रत्याशी प्रशासनिक भवन पहुंचे। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य, राज्य के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के प्रभारी मंत्री और मुर्शिदाबाद से बीजेपी विधायक गौरीशंकर घोष, बहरामपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष मलय महाजन समेत पार्टी के कई विधायक व वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
रेजीनगर में उद्योग और विकास का वादा
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी के विजयी होने के महज एक साल के भीतर क्षेत्र में उद्योगों का धुआं उड़ने लगेगा। शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में सरकार बदलने के साथ ही सिंडिकेट राज खत्म हुआ है और दुनिया भर से निवेशक यहां उद्योग लगाने आ रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि रेजीनगर के औद्योगिक क्षेत्र में कल-कारखाने स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देना बीजेपी की जिम्मेदारी है, ताकि यहां के युवाओं को प्रवासी मजदूर बनकर दूसरे राज्यों में न जाना पड़े।
संसायिक राजनीति और अल्पसंख्यकों को संदेश*
अल्पसंख्यक बहुल रेजीनगर सीट पर जीत दर्ज करने के लिए बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शमीक भट्टाचार्य ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी धर्म या वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं चाहती। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे 'मंदिर-मस्जिद' और '70 बनाम 30 प्रतिशत' की राजनीति से बाहर निकलकर अपने बच्चों के बेहतर भविष्य, शिक्षा और रोजगार को चुनें। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ खाजिरी मदरसों तक सीमित न रखकर उन्हें गणित और विज्ञान जैसी आधुनिक शिक्षा से जोड़ना होगा।
विपक्षी दलों पर साधा निशाना
पूर्व विधायक हुमायूं कबीर के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई इस सीट पर बीजेपी ने अपने प्रदेश सचिव और पूर्व जिला अध्यक्ष शंखरव सरकार पर भरोसा जताया है। शमीक भट्टाचार्य ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस राज्य में अपनी साख खो चुकी है, वाममोर्चा पूरी तरह खारिज हो चुका है और कांग्रेस महज एक 'साइनबोर्ड' बनकर रह गई है। उन्होंने दावा किया कि रेजीनगर की जनता इस बार विकास के नाम पर बीजेपी को अपना समर्थन देगी।