कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आगामी 2026 नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की प्रदेश इकाई ने कोलकाता और हावड़ा नगर निगम क्षेत्रों के लिए प्रमुख नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। ये नियुक्तियां प्रदेश अध्यक्ष और सांसद समिक भट्टाचार्य के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
कोलकाता नगर निगम की कमान सुकांत मजूमदार को
कोलकाता नगर निगम चुनाव के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री और बीजेपी नेता डॉ. सुकांत मजूमदार को प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष अनिंद्य बनर्जी (राजू) को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
तापस रॉय को संयोजक की जिम्मेदारी
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री और विधायक तापस रॉय को कोलकाता नगर निगम चुनाव के लिए संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं काशीपुर-बेलगछिया से विधायक रितेश तिवारी को सह-संयोजक बनाया गया है। नई जिम्मेदारियों के जरिए पार्टी ने स्थानीय स्तर पर चुनावी संगठन को सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
हावड़ा में राहुल सिन्हा को मिली अहम जिम्मेदारी
हावड़ा नगर निगम के लिए राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं बाली से विधायक संजय कुमार सिंह को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी का लक्ष्य नगर निगम चुनावों से पहले संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियों को गति देना है।
चुनावी रणनीति को धार देने की तैयारी
बीजेपी की इन नियुक्तियों को आगामी नगर निगम चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कोलकाता और हावड़ा जैसे महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी देकर पार्टी स्थानीय संगठन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी अभियान को बेहतर तरीके से संचालित करने की तैयारी में है।