कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता संभालने के बाद बीजेपी अब संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में रविवार से ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026’ की शुरुआत हो रही है। पार्टी का लक्ष्य जिला से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है। बीजेपी के अन्य राज्यों में भी इस अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
43 सांगठनिक जिलों के पदाधिकारी होंगे शामिल
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के सभी 43 सांगठनिक जिलों के जिला अध्यक्ष, कोर कमेटी के सदस्य और विधायक शामिल होंगे। जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ये पदाधिकारी आगे अपने-अपने जिलों में जाकर पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।
10 प्रमुख विषयों पर दिया जाएगा प्रशिक्षण
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान करीब 10 महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर रहेगा। इनमें बीजेपी की कार्यप्रणाली, पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जिम्मेदारी और संगठन संचालन जैसे विषय शामिल हैं। इसके साथ ही ‘विचार परिवार’ से जुड़े विषयों पर भी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी जाएगी।
जमीनी स्तर तक विचारधारा पहुंचाने पर फोकस
प्रशिक्षण कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया जाएगा कि बीजेपी की विचारधारा और संगठन के संदेश को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से कैसे पहुंचाया जाए। कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ-साथ पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता के बीच रखने के तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा।
चुनावी व्यस्तता के कारण पहले नहीं हो पाया था कार्यक्रम
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव से पहले देश के कई राज्यों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए थे, लेकिन पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारियों के चलते यह अभियान उस समय व्यापक स्तर पर नहीं हो सका। अब चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्टी ने राज्य में जिला स्तर पर प्रशिक्षण अभियान शुरू करने की तैयारी की है। इससे पहले मंडल स्तर पर प्रशिक्षण का चरण पूरा किया जा चुका है।
नए और पुराने कार्यकर्ताओं को भी किया जाएगा प्रशिक्षित
पार्टी में सत्ता परिवर्तन के बाद नई जिम्मेदारियां संभाल रहे कार्यकर्ताओं और मौजूदा नेतृत्व के साथ-साथ पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी संगठन के साथ आगे किस तरह काम करना है, इसकी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण का मुख्य फोकस बीजेपी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, कार्यप्रणाली और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर रहेगा।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
बीजेपी का यह प्रशिक्षण अभियान केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पदाधिकारी आगे मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाएंगे। पार्टी का उद्देश्य आने वाले समय में संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय बनाना और कार्यकर्ताओं की भूमिका को और प्रभावी करना है।