बीरभूम: बीरभूम के बोलपुर अनुमंडल अदालत परिसर में सोमवार को उस समय तनाव फैल गया, जब कंकालीतला पंचायत के तृणमूल कांग्रेस उपप्रधान मामन शेख को पेशी के लिए लाया गया। आरोप है कि अदालत परिसर में मौजूद गुस्साई भीड़ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामन शेख को निशाना बनाकर अंडे फेंके और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद इलाके में भारी हलचल मच गई।
चुनाव बाद हिंसा मामले में पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामन शेख के खिलाफ 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। रविवार रात उसे लाभपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सोमवार को पुलिस उसे बोलपुर अनुमंडल अदालत में पेश करने पहुंची, जहां पहले से मौजूद लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस वाहन पर भी फेंके गए अंडे
अदालत परिसर में पहुंचते ही पुलिस वाहन को घेरकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान वाहन और मामन शेख को निशाना बनाकर जमकर अंडे फेंके गए। आरोप है कि भीड़ ने उसके साथ मारपीट करने की भी कोशिश की। इस घटना में पत्रकारों और पुलिसकर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामन शेख पर लगे हैं कई गंभीर आरोप
मामन शेख पर भाजपा कार्यकर्ताओं की जमीन पर कथित कब्जा करने, लोगों को तृणमूल कार्यालय में ले जाकर बंधक बनाने, मारपीट करने, जुर्माना वसूलने, घरों में तोड़फोड़ और लूटपाट जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा महिलाओं के साथ दुष्कर्म के आरोप भी उसके खिलाफ दर्ज हैं। इन मामलों में सीबीआई द्वारा जांच किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
पंचायत भ्रष्टाचार के आरोपों में भी नाम आया सामने
कंकालीतला पंचायत में कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर भी मामन शेख का नाम चर्चा में रहा है। इन्हीं आरोपों को लेकर सोमवार को जब उसे अदालत में पेश किया गया, तो कंकालीतला पंचायत के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग अदालत परिसर पहुंच गए।
भाजपा ने की कड़ी सजा की मांग
घटना के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मामन शेख के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। वहीं, अदालत परिसर में हुए इस हंगामे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।