कोलकाता: पश्चिम बंगाल में ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक रोजगार और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रस्तावित ‘बृहन्नला ब्रिगेड’ पहल को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। राज्य सरकार की इस पहल के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को ट्रैफिक जागरूकता अभियान और नगर निकायों के संपत्ति कर संग्रह जैसे कार्यों में शामिल करने की योजना है। इस पहल को लेकर IND24 ने सामाजिक कार्यकर्ता और ट्रांसजेंडर अधिकारों के लिए लंबे समय से काम कर रहीं डॉ. रंजीत सिन्हा से खास बातचीत की। बातचीत में उन्होंने इस प्रस्ताव को समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया और उम्मीद जताई कि इससे रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए रोजगार और सम्मान की नई पहल
डॉ. रंजीत सिन्हा ने बातचीत में कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय लंबे समय से सामाजिक उपेक्षा, रोजगार की कमी और भेदभाव का सामना कर रहा है। उनके मुताबिक, कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन समुदाय के लिए ठोस अवसरों और योजनाओं का अभाव बना रहा। उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से भी ट्रांसजेंडर समुदाय की सामाजिक स्थिति और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताए जाने का उल्लेख किया।
डॉ. सिन्हा का मानना है कि ‘बृहन्नला ब्रिगेड’ जैसी पहल केवल काम उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके जरिए समुदाय को सामाजिक स्वीकार्यता, आत्मसम्मान और आर्थिक स्वतंत्रता भी मिलनी चाहिए।
क्या है ‘बृहन्नला ब्रिगेड’, कैसे काम करेंगे सदस्य?
राज्य सरकार की प्रस्तावित ‘बृहन्नला ब्रिगेड’ योजना के तहत चयनित ट्रांसजेंडर सदस्यों को ट्रैफिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में लगाया जाएगा। इसके लिए उन्हें पुलिस की ओर से प्रशिक्षण दिए जाने का प्रस्ताव है। वे वाहन चालकों और आम लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और साफ-सफाई जैसे नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करेंगे।
इसके अलावा, ब्रिगेड के कुछ सदस्यों को नगर निकायों के साथ संपत्ति कर वसूली से जुड़े कार्यों में भी सहयोग करना होगा। इस काम के लिए उन्हें संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा और सरकार की ओर से मासिक मानदेय देने का प्रस्ताव है। फिलहाल योजना के चयन, तैनाती और क्रियान्वयन की विस्तृत प्रक्रिया सामने आना बाकी है। PTIFeed
25-30 वर्षों से समुदाय के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही हैं डॉ. रंजीत सिन्हा
डॉ. रंजीत सिन्हा ने बताया कि वह करीब 25 से 30 वर्षों से ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए काम कर रही हैं। इस दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने समुदाय के लोगों को सुरक्षित माहौल, शिक्षा और रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रयास जारी रखे।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से जुड़ी ‘गरिमा गृह’ व्यवस्था के तहत वह एक आश्रय गृह संचालित करती हैं। इस केंद्र में परिवार से अलग हुए, घर से निकाले गए या शिक्षा से वंचित ट्रांसजेंडर लोगों को आश्रय देने के साथ पढ़ाई, व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य संबंधी सहायता और करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।
डॉ. सिन्हा के मुताबिक, यहां रहने वाले लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नौकरी के अवसर तलाशने और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी काम किया जाता है।
हिंसा और शोषण का सामना करने वाले बच्चों को लेकर जताई चिंता
बातचीत के दौरान डॉ. रंजीत सिन्हा ने ट्रांसजेंडर समुदाय के उन बच्चों की स्थिति पर भी चिंता जताई, जिन्हें परिवार में हिंसा, शोषण या अस्वीकार्यता का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि गरिमा गृह के लिए निर्धारित सरकारी पात्रता के तहत 18 से 50 वर्ष के लोगों को रखा जा सकता है, लेकिन कई बार कम उम्र के बच्चे भी मदद की तलाश में उनके पास पहुंच जाते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों के लिए सुरक्षित आश्रय और सहायता की व्यवस्था करना बेहद कठिन हो जाता है, क्योंकि बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के तहत उन्हें सीधे आश्रय गृह में रखना संभव नहीं होता। इसके बावजूद जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए रास्ते तलाशने पड़ते हैं।
सरकार के साथ संवाद से बढ़ी उम्मीद, कई विभागों में सहयोग की संभावना
डॉ. रंजीत सिन्हा ने मंत्री अग्निमित्रा पॉल के साथ संवाद को सकारात्मक बताते हुए कहा कि समुदाय की मांगों और सुझावों को सुनने के बाद इस पहल पर विचार किया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जागरूकता और नगर निकायों के काम में भागीदारी के अलावा स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विभागों के साथ भी समुदाय के हित में बातचीत हो रही है।
उनके अनुसार, उन्हें सरकार की स्क्रीनिंग कमेटी में भी शामिल किया गया है, जिससे समुदाय की समस्याओं और जरूरतों को नीतिगत स्तर पर सामने रखने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अन्य क्षेत्रों में भी अवसरों का विस्तार होगा।
कोविड महामारी के दौरान भी किया समाजसेवा का काम
डॉ. रंजीत सिन्हा ने कोविड महामारी के दौर के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उस समय ट्रांसजेंडर समुदाय के अनेक लोगों के सामने भोजन, राशन और स्वास्थ्य सुविधाओं की गंभीर समस्या थी। जब लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई, तब भी उनकी टीम पुलिस से अनुमति लेकर जरूरतमंद लोगों तक राशन पहुंचाने में जुटी रही।
उन्होंने बताया कि महामारी के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अलग कोविड वार्ड की व्यवस्था कराने की मांग भी उठाई गई थी। इस प्रयास से समुदाय के लोगों को अस्पतालों में उपचार के दौरान बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिली। उन्होंने बताया कि खुद भी कोविड संक्रमण के दौरान उसी ट्रांसजेंडर वार्ड में भर्ती हुई थीं।
‘बृहन्नला ब्रिगेड’ को लेकर क्या है आगे की राह?
डॉ. रंजीत सिन्हा ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित बृहन्नला ब्रिगेड को अभी स्थायी नौकरी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह शुरुआती स्तर पर एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर आगे बढ़ सकता है, जिसमें चयनित लोगों को मानदेय, प्रशिक्षण और कार्य का अनुभव दिया जाएगा। इसके बाद रोजगार को स्थायी रूप देने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।
उनका मानना है कि यदि इस पहल को प्रभावी तरीके से लागू किया गया, तो यह ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए रोजगार के साथ-साथ समाज में सम्मानजनक पहचान स्थापित करने का माध्यम बन सकती है।