बर्दवान/कोलकाता: पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बर्दवान जिले की एक पॉश आवासीय सोसाइटी में सामान्य नागरिक की तरह रह रहे संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल और उसकी महिला मित्र अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की शुरुआती पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान आधारित शहजाद भट्टी गैंग के सीधे संपर्क में था और दिल्ली के शीर्ष नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों पर जानलेवा हमले की बड़ी साजिश रच रहा था।
दिल्ली के वीआईपी और जंतर-मंतर प्रदर्शन निशाने पर
एसटीएफ के आईजी गौरव शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि धृत हमीम मंडल को हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी अशांति फैलाने का निर्देश दिया गया था। इस साजिश को अंजाम देने के लिए उसे पुलिस की वर्दी जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस की वर्दी का उपयोग किस विशिष्ट नाशक योजना के लिए किया जाना था, एजेंसियां इसकी गहन जांच कर रही हैं।

हथियारों की सप्लाई के लिए मिला था 'ग्रीन सिग्नल'
जांच अधिकारियों के अनुसार, जंतर-मंतर पर उपद्रव मचाने और वीआईपी नेताओं को निशाना बनाने के लिए हथियारों की आवश्यकता थी। अर्पिता सरकार से हुई पूछताछ में सामने आया है कि हथियारों की खेप की डिलीवरी को लेकर भट्टी गैंग की तरफ से उन्हें 'ग्रीन सिग्नल' (हरी झंडी) मिल चुकी थी।
एनक्रिप्टेड ऐप 'Session' और 'Element X' से सीमा पार संपर्क
जांचकर्ताओं ने आरोपियों के पास से कई डिजिटल डिवाइस और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच में पता चला है कि सीमा पार (पाकिस्तान) में बैठे संदिग्ध हैंडलर्स भारतीय टेलीकॉम नेटवर्क या सामान्य फोन कॉल का इस्तेमाल नहीं करते थे। इसके बजाय, आरोपी सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए ‘Session’ (सेशन) और ‘Element X’ (एलिमेंट एक्स) नामक अत्यधिक सुरक्षित एनक्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स का उपयोग कर रहे थे।
पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स का खुलासा
पूछताछ के दौरान कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स के नाम सामने आए हैं, जिनमें ‘राना’, ‘उज़ैर’, ‘आबिद जाट333’ और ‘हमाद’ शामिल हैं। एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, अर्पिता सीधे तौर पर दो मुख्य साजिशकर्ताओं—'आबिद जाट' और 'हमाद' के लगातार संपर्क में थी।फिलहाल एसटीएफ के अधिकारी यह पता लगाने के लिए व्यापक अभियान चला रहे हैं कि इस अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क की जड़ें देश में कितनी गहरी फैली हुई हैं और इसमें कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं।