कोलकाता: शहर की बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के तहत सोमवार को 9 नंबर कैमैैक स्ट्रीट स्थित एक बहुमंजिला इमारत का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस इमारत में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का कार्यालय भी स्थित है।
दफ्तर में पहुंची फायर ब्रिगेड, पुलिस और निगम की टीम
हाल की आग की घटनाओं के बाद राज्यभर में बहुमंजिला इमारतों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत फायर ब्रिगेड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शेक्सपियर सरणी थाने के पुलिस अधिकारियों तथा कोलकाता नगर निगम के प्रतिनिधियों के साथ इमारत का निरीक्षण किया।
बेसमेंट से छत तक हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इमारत के बेसमेंट से लेकर छत तक सभी मंजिलों का जायजा लिया। इस दौरान अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग, पानी के भंडारण और फायर अलार्म सिस्टम की स्थिति और कार्यक्षमता की जांच की गई।
ऊपरी मंजिलों पर मिलीं कुछ असंगतियां
फायर ब्रिगेड सूत्रों के मुताबिक, इमारत की निचली कुछ मंजिलों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सामान्य पाई गई, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कुछ असंगतियां सामने आने के संकेत हैं। शुरुआती निरीक्षण में वाटर स्प्रिंकलर, फायर अलार्म, पानी के भंडारण और अन्य अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता को लेकर सवाल उठे हैं।
इमारत के बाहर बने शेड पर भी नजर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की नजर इमारत के बाहर बनाए गए एक शेड पर भी गई। प्रारंभिक तौर पर यह जांच की जाएगी कि इस हिस्से के निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।
शहरभर में चल रहा फायर सेफ्टी ऑडिट
फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी के अनुसार, कोलकाता में छोटी-बड़ी सभी व्यावसायिक और आवासीय बहुमंजिला इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। कैमैैक स्ट्रीट स्थित यह इमारत भी इसी नियमित निरीक्षण अभियान का हिस्सा है।
बिलबोर्ड विवाद के बीच हुआ निरीक्षण
गौरतलब है कि कैमैैक स्ट्रीट को लेकर चल रहे बिलबोर्ड विवाद के बीच यह निरीक्षण हुआ है। इसी मामले को लेकर पुलिस नोटिस, एफआईआर और जांच को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा जारी है। हालांकि, प्रशासन की ओर से फायर ब्रिगेड की कार्रवाई को शहर में चल रहे नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान का हिस्सा बताया गया है।