कोलकाता: दिल्ली में प्रस्तावित संसद मार्च में पश्चिम बंगाल से करीब 10 हजार श्रमिकों के शामिल होने की तैयारी है। मजदूरों के इस जुटान को लेकर ट्रेड यूनियन CITU की ओर से व्यापक स्तर पर mobilization किया जा रहा है। इस मार्च के जरिए श्रमिक अपने अधिकारों, रोजगार, मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार के सामने उठाने की तैयारी में हैं।
1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में होगा श्रमिकों का आंदोलन
CITU (सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स) ने संसद के आगामी सत्र के दौरान 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में संसद भवन मार्च का आह्वान किया है। संगठन के मुताबिक, इस आंदोलन में देशभर से श्रमिक जुटेंगे, जबकि पश्चिम बंगाल से लगभग 10 हजार मजदूर, कर्मचारी और प्रवासी श्रमिक हिस्सा लेंगे। CITU के राज्य नेतृत्व ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि दूसरे राज्यों में काम करने वाले बंगाल के प्रवासी श्रमिकों को भी दिल्ली पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
क्या हैं श्रमिकों की प्रमुख मांगें?
इस संसद मार्च के जरिए श्रमिक संगठन केंद्र सरकार के सामने कई अहम मांगें रखने जा रहा है। इनमें प्रमुख रूप से मजदूरी बढ़ाने, नौकरी की सुरक्षा और श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
- न्यूनतम वेतन: सभी श्रमिकों के लिए 42 हजार रुपये प्रतिमाह न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग।
- पेंशन: सभी श्रमिकों के लिए 21 हजार रुपये की सार्वभौमिक न्यूनतम पेंशन लागू करने की मांग।
- चार श्रम संहिताओं का विरोध: केंद्र सरकार द्वारा लागू श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग।
- स्थायी रोजगार: सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं में खाली पदों को भरने तथा लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग।
- समान वेतन: संविदा कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग।
- *योजना कर्मियों के अधिकार: आशा, आंगनवाड़ी और अन्य योजना आधारित कर्मचारियों को श्रमिक का दर्जा देने तथा उनके वेतन और अधिकार सुनिश्चित करने की मांग।
- MGNREGA: ग्रामीण रोजगार योजना को पुराने स्वरूप में बहाल करने की मांग भी आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
बंगाल में भी आंदोलन की तैयारी, पुलिस पर डराने का आरोप
दिल्ली मार्च को लेकर पश्चिम बंगाल में भी CITU की ओर से प्रचार और विरोध कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया है कि दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे मजदूरों को पुलिस के जरिए डराया जा रहा है और आंदोलन में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। CITU नेतृत्व का कहना है कि इस तरह की कथित दबाव की कार्रवाई से आंदोलन को रोका नहीं जा सकेगा।
संगठन ने राज्य में श्रमिकों के अधिकारों, न्यूनतम मजदूरी और रोजगार की सुरक्षा को लेकर भी आवाज उठाई है। CITU नेताओं का कहना है कि जब तक मजदूरों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।