कोलकाता: कोलकाता प्रेस क्लब में CJP के प्रवक्ताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बांकुड़ा के कार्यकर्ता अब्दुल हाफिज के साथ कथित मारपीट और धमकी का मुद्दा उठाया। संगठन के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि स्थानीय BJP विधायक निर्मल धारा ने अब्दुल हाफिज को पाकिस्तानी और देशद्रोही बताकर धमकाया।
स्कूल जाने को लेकर हुआ विवाद, हमले का आरोप
CJP के मुताबिक, अब्दुल हाफिज अपने स्थानीय स्कूल में प्रधानाध्यापक से अनुमति लेने गए थे। इसी दौरान उनके खिलाफ जानकारी फैलने के बाद कथित तौर पर चाकू, लाठी और लोहे की रॉड से हमला किया गया। संगठन ने कहा कि अब्दुल हाफिज और उनके परिवार की जिम्मेदारी CJP की है और उनके साथ कोई अप्रिय घटना होने पर संगठन राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराएगा।
पिता के नाम पर स्कूल बनाने की मांग
CJP प्रवक्ता अंकित भारद्वाज ने बताया कि जब अब्दुल हाफिज से मुआवजे या किसी अन्य मांग के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपने दिवंगत पिता के नाम पर स्कूल बनाने की इच्छा जताई। संगठन ने अब्दुल और उनके परिवार की मदद के लिए फंड जुटाने का अभियान शुरू करने की बात कही है।
'पश्चिम बंगाल की शिक्षा व्यवस्था को सुधारेंगे'
आशुतोष रांका ने कहा कि CJP का लक्ष्य पश्चिम बंगाल की शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में 2,000 से ज्यादा स्कूल बंद हुए हैं। उन्होंने सरकार से राजनीतिक विवादों और कथित हिंसा से अलग शिक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की अपील की।
'School Thik Karo' अभियान जारी रखने का ऐलान
CJP ने कहा कि संगठन राज्य के अलग-अलग स्कूलों का निरीक्षण कर शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को सामने लाएगा। इसके लिए 'School Thik Karo' अभियान के तहत काम जारी रखने की बात कही गई। रांका ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए जो भी सहयोग करना चाहता है, CJP उसके साथ काम करने को तैयार है, चाहे वह BJP ही क्यों न हो।