कूचबिहार: पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में उत्तर बंगा कृषि विश्वविद्यालय (UBKV) के हॉस्टल से गुरुवार को 23 वर्षीय छात्रा का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान त्रिशा सहा के रूप में बताई जा रही है, जो सिलीगुड़ी की रहने वाली और विश्वविद्यालय में पोस्टग्रेजुएट की पढ़ाई कर रही थी।
काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली छात्रा
जानकारी के अनुसार, त्रिशा सहा रानी रासमणि हॉस्टल में रह रही थीं। गुरुवार को काफी देर तक उनके कमरे से बाहर नहीं आने पर सहपाठियों को चिंता हुई। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया और फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद हॉस्टल प्रशासन और विश्वविद्यालय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई पुलिस
सूचना मिलने पर पुंडीबारी थाना पुलिस विश्वविद्यालय परिसर पहुंची। दरवाजा खोलने की कोशिश नाकाम रहने के बाद पुलिस ने उसे तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस जांच में आत्महत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। मौके से किसी सुसाइड नोट की बरामदगी हुई है या नहीं, इसकी भी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
परिजनों को दी गई सूचना
घटना की जानकारी सिलीगुड़ी में रहने वाले छात्रा के परिवार को दी गई। खबर मिलते ही परिजन कूचबिहार के लिए रवाना हो गए। परिवार में घटना के बाद से मातम का माहौल है। पुंडीबारी पुलिस ने असामान्य मृत्यु (UD) केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के दोस्तों, सहपाठियों और हॉस्टल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसकी हालिया गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाने के लिए मोबाइल कॉल डिटेल्स समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस को जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है। मौत की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।