डानकुनी (हुगली): पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में डानकुनी नगरपालिका के 16 नंबर वार्ड स्थित 9 नंबर रेलगेट इलाके में रविवार देर रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। घटना रात करीब 10 बजे उस समय हुई जब पार्थ दास नाम के व्यापारी दुकान बंद कर अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। डानकुनी थाना पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
टक्कर मारकर नाले में गिराया, फिर चलाईं गोलियां
पीड़ित सर्राफा व्यापारी पार्थ दास के अनुसार, दुकान बढ़ाने के बाद वे अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में पीछे से आई एक बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोर से टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही पार्थ दास का बाइक से संतुलन बिगड़ गया और वे अपनी पत्नी समेत सड़क किनारे बने नाले में जा गिरे। इसके तुरंत बाद बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। गनीमत यह रही कि बदमाशों का निशाना चूक गया; एक गोली पास के एक मकान की दीवार पर जा लगी, जबकि दूसरी गोली भी लक्ष्य से भटक गई, जिससे दंपत्ति की जान बाल-बाल बच गई।
शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोग, मोबाइल और बैग लूटकर फरार बदमाश
घटना के दौरान चीख-पुकार और गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आते देख हमलावर घबरा गए।हालांकि, मौके से भागने से पहले बदमाशों ने व्यापारी की पत्नी से उनका मोबाइल फोन और बैग छीन लिया और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। स्थानीय निवासियों ने मौके पर पहुंचकर नाले में गिरे दंपत्ति को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
25 सालों से कर रहे हैं व्यापार, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पार्थ दास पिछले 24-25 वर्षों से इस क्षेत्र में आभूषण का व्यापार कर रहे हैं और इससे पहले इलाके में इस तरह की कोई हिंसक घटना नहीं घटी थी।हमले का मुख्य कारण क्या था—क्या यह सिर्फ लूटपाट का इरादा था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है—यह अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। डानकुनी थाने की पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर व्यापारी का बयान दर्ज कर लिया है और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है।