दार्जिलिंग: दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (DHR) के हेरिटेज टॉय ट्रेन लोको शेड में बुधवार को अचानक बड़ा हादसा हो गया। लोको शेड की लकड़ी की छत अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे के वक्त शेड के अंदर कई कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे।
छत गिरने से 7 कर्मचारी घायल
अचानक छत गिरने से वहां काम कर रहे 7 लोको शेड कर्मचारी घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ कर्मचारियों को अपेक्षाकृत मामूली चोटें आई हैं, लेकिन सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
रेलवे कर्मचारियों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही लोको शेड में मौजूद अन्य रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद लोको शेड में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी टीम
लकड़ी की छत अचानक क्यों गिरी, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। रेलवे की ओर से घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।