नई दिल्ली/कोलकाता: ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि आगामी इंडियन सुपर लीग (ISL) 2026-27 सीजन में केवल 13 टीमें ही भाग लेंगी। एआईएफएफ द्वारा निर्धारित बुधवार दोपहर तक की समय सीमा के भीतर तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी का क्लब 'डायमंड हार्बर एफसी' पार्टीसिपेशन फी की 55 लाख रुपये की किस्त जमा करने में असमर्थ रहा। अपने खेल प्रदर्शन के दम पर शीर्ष लीग में जगह बनाने के बावजूद वित्तीय प्रक्रिया पूरी न करने के कारण क्लब को इस सीजन से बाहर होना पड़ा है।
चार साल में उल्का जैसी बढ़त, अब वित्तीय संकट
अभिषेक बनर्जी के संरक्षण में गठित इस क्लब ने बेहद कम समय में भारतीय फुटबॉल के नक्शे पर अपनी जगह बनाई थी। महज चार सालों के भीतर निचले डिवीजनों से उठकर देश की नंबर एक लीग आईएसएल तक का सफर तय करने वाले इस क्लब की गतिविधियां अब पैसों की तंगी के कारण लगभग ठप हो गई हैं।
मैच फिक्सिंग और वित्तीय गबन के आरोपों की जांच
डायमंड हार्बर एफसी इस वक्त वित्तीय संकट के साथ-साथ प्रशासनिक जांच के घेरे में भी है। राज्य के खेल मंत्री इंद्रनील खां ने कार्यभार संभालने के बाद क्लब को लेकर कई गंभीर खुलासे किए थे। खेल मंत्री के अनुसार, डायमंड हार्बर एफसी के माध्यम से पैसे जुटाने और मैच फिक्सिंग से जुड़ी कई गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच प्रशासनिक स्तर पर जारी है।