शिलिगुड़ी: बीजेपी नेता और मंत्री दिलीप घोष सोमवार को शिलिगुड़ी कॉलेज मैदान में आयोजित प्रातः भ्रमण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में राज्य की राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
जादवपुर में CPM कार्यालय में तोड़फोड़ पर क्या बोले दिलीप घोष?
जादवपुर में CPM के पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ के सवाल पर दिलीप घोष ने बीजेपी का बचाव करते हुए कहा कि पार्टी के पास किसी दूसरे दल के कार्यालय को तोड़ने का समय नहीं है। उन्होंने कहा, “बीजेपी के पास इतना समय नहीं है कि किसी का पार्टी ऑफिस तोड़े। जिनके पास कोई काम नहीं है, वे भागा-भागी कर रहे हैं।”
हुमायूं कबीर के बयान पर भी किया पलटवार
हुमायूं कबीर के हालिया बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलीप घोष ने कहा, “बहुत हुंकार देख चुके हैं। बाबरी मस्जिद कहां है? पैसा-पैसा आ गया, वोट हो गया।” उनके इस बयान को लेकर भी राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है।
विरोधियों को शून्य करने वाले बयान पर दी प्रतिक्रिया
सौमिक भट्टाचार्य के इस बयान पर कि विरोधियों को शून्य कर देना लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है, दिलीप घोष ने कहा कि इसके लिए सरकार या जनता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा, “किसने शून्य किया? विरोधी अगर अपनी जगह बनाए रखने में सक्षम नहीं हैं, ठीक से गलत प्ले नहीं कर पा रहे हैं, तो उसके लिए सरकार भी जिम्मेदार नहीं है और जनता भी जिम्मेदार नहीं है।”
उपचुनाव को लेकर दिलीप घोष का बड़ा दावा
उपचुनाव को लेकर भी दिलीप घोष ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “उपचुनाव में कोई कुछ नहीं कर पाएगा। लोगों ने इस तरफ फैसला दिया था, उपचुनाव में भी इसी तरफ फैसला देंगे।”
प्रातः भ्रमण कार्यक्रम में राजनीतिक बयानबाजी
शिलिगुड़ी कॉलेज मैदान में प्रातः भ्रमण कार्यक्रम के दौरान दिलीप घोष की ओर से दिए गए इन बयानों के बाद राज्य की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। खास तौर पर उपचुनाव, विपक्षी दलों के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ को लेकर उनकी टिप्पणियां चर्चा में हैं।