कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष ने 9 जुलाई 2026 को गुजरात के गांधीनगर में आयोजित भारत के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन एवं मोबिलिटी सम्मेलन 'प्रवास 5.0' में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम बस एंड कार ऑपरेटर्स कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (BOCI) द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के परिवहन और मोबिलिटी क्षेत्र से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
केंद्रीय और विभिन्न राज्यों के मंत्रियों से की अहम मुलाकात
इस दौरान डॉ. शंकर घोष ने पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, उत्तराखंड के परिवहन मंत्री तथा कृषि एवं किसान कल्याण एवं सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने BOCI के पदाधिकारियों के साथ भी परिवहन और मोबिलिटी क्षेत्र को लेकर विस्तृत चर्चा की।
देशभर के उद्योगपतियों और ऑपरेटरों को दिया बंगाल आने का निमंत्रण
बैठक के दौरान डॉ. शंकर घोष ने देशभर के बस एवं कार ऑपरेटरों और उद्योगपतियों को पश्चिम बंगाल आने तथा राज्य में निवेश करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है और सरकार उद्योगों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल देश के अग्रणी और विकसित राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
स्मार्ट और सतत परिवहन पर रहा विशेष जोर
प्रवास 5.0 सम्मेलन में सुरक्षित, स्मार्ट और सतत सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन, बेहतर कनेक्टिविटी और समावेशी आर्थिक विकास में एकीकृत मोबिलिटी की भूमिका पर व्यापक चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने आधुनिक परिवहन प्रणाली को भविष्य के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।
परिवहन और पर्यटन के बेहतर समन्वय पर सरकार का फोकस
पश्चिम बंगाल सरकार ने दोहराया कि वह परिवहन और पर्यटन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा नागरिकों और पर्यटकों के लिए सहज एवं आधुनिक यात्रा व्यवस्था विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य राज्य को परिवहन और पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।