कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी की ओर से 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर कोलकाता में पूरे दिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यालय से लेकर कलकत्ता विश्वविद्यालय परिसर तक श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बौद्धिक चर्चा के जरिए उनके जीवन एवं योगदान को याद किया जाएगा।
सुबह 10 बजे श्रद्धांजलि से होगी शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे भाजपा के प्रदेश कार्यालय, 6 मुरलीधर सेन लेन से होगी। यहां राज्य भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य की उपस्थिति में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
शंखध्वनि और कलकत्ता विश्वविद्यालय की परिक्रमा
सुबह 11 बजे शंखध्वनि कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके बाद कलकत्ता विश्वविद्यालय परिसर की परिक्रमा निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. मुखर्जी के शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण करना है।
दोपहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम
दोपहर 3 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व और विचारों को प्रस्तुत किया जाएगा।
जीवन और विरासत पर होगी बौद्धिक चर्चा
शाम 5 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, विचार और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर एक विशेष बौद्धिक चर्चा आयोजित होगी। इसमें विभिन्न वक्ता उनके राजनीतिक, शैक्षणिक और वैचारिक योगदान पर अपने विचार रखेंगे।
राष्ट्रगान के साथ होगा समापन
दिनभर चलने वाले इस कार्यक्रम का समापन शाम 7 बजे राष्ट्रगान के साथ किया जाएगा।