कोलकाता: उत्तर 24 परगना जिले के दमदम कैंटोनमेंट स्थित सुभाष नगर इलाके में बुधवार रात एक किराए के मकान से 32 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका का शव कंबल में लिपटा हुआ कमरे के फर्श पर पड़ा मिला, जिसके शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान हैं। स्थानीय निवासियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद दमदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सागर दत्त मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
रिश्तेदारों के पहुंचने पर हुआ घटना का खुलासा
पुलिस व स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला पिछले दो सालों से सुभाष नगर में अकेले किराए के मकान पर रह रही थी। उसका 3 साल का बेटा श्यामबाजार में रिश्तेदारों के पास रहता था। बुधवार रात रिश्तेदारों को बच्चे को महिला के पास लाना था, लेकिन कई बार फोन करने पर भी जब संपर्क नहीं हुआ तो वे खुद मकान पर पहुंचे। वहां कमरा खुला था और अंदर महिला का शव पड़ा हुआ था।
नियमित आने वाले युवक पर शक, सीसीटीवी की जांच
मकान मालिक के अनुसार, वे महिला और बेदियापाड़ा के झील कॉलोनी निवासी एक युवक को पति-पत्नी के रूप में जानते थे, जिसका वहां नियमित आना-जाना था। स्थानीय निवासियों को भी उसी युवक पर हत्या का संदेह है। जांच के दौरान पता चला है कि किराए के मकान का सीसीटीवी कैमरा टूटा हुआ था, हालांकि पुलिस ने आसपास के इलाके के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।