कोलकाता: दुर्गापूजा 2026 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आगामी 10 अक्टूबर को महालय के दिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में एक विशेष मेगा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर ईडन गार्डन्स के डॉ. बी.सी. रॉय क्लब हाउस में पश्चिम बंगाल सरकार और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण समन्वय बैठक हुई।
पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव ने की बैठक की अध्यक्षता
बैठक की अध्यक्षता पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव वरुण कुमार राय ने की। बैठक में सूचना एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. सौमित्र मोहन, कोलकाता नगर निगम की म्युनिसिपल कमिश्नर स्मिता पांडे, कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद, बंगाल सब-एरिया के कर्नल प्रीत रावत और CAB के कोषाध्यक्ष संजय दास मौजूद रहे।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सूचना एवं संस्कृति, पर्यटन, परिवहन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जन स्वास्थ्य तकनीकी, बिजली, लोक निर्माण, दमकल एवं आपातकालीन सेवाएं तथा खेल एवं युवा सेवा विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए। इसके अलावा KMC, BMC, बंगाल सब-एरिया हेडक्वार्टर और विभिन्न पुलिस कमिश्नरेट के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
CAB के शीर्ष अधिकारी भी बैठक में शामिल
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल की ओर से एपेक्स काउंसिल के सदस्य जयदीप मुखर्जी और सुरजीत लाहिड़ी के साथ CAB के CEO कैप्टन चिन्मय नायक बैठक में मौजूद रहे। कार्यक्रम की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर बैठक में चर्चा की गई।
शाम 5 बजे से 7 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम
सूत्रों के मुताबिक, 10 अक्टूबर को होने वाले मेगा कार्यक्रम में शाम 5 बजे से 7 बजे तक बड़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें गीत और नृत्य कार्यक्रम के साथ ढाक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लाइट शो जैसे कई आकर्षण शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के संबोधन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मौजूदगी की संभावना
महालय के दिन ईडन गार्डन्स में होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के अलावा कई नेता, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। इसी को देखते हुए बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।
ईडन के आसपास सुरक्षा का घेरा
सूत्रों के अनुसार, ईडन गार्डन्स के आसपास की सड़कों पर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया जा सकता है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए कई वॉच टावर भी लगाए जाने की संभावना है। कोलकाता पुलिस और सेना के बीच समन्वय के साथ निगरानी व्यवस्था की तैयारी की जा रही है।
कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी
कार्यक्रम के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर की कुछ प्रमुख सड़कों पर यातायात के रूट में बदलाव किया जा सकता है। सुरक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य महालय के दिन ईडन गार्डन्स में आयोजित होने वाले मेगा कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।