कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार आगामी दुर्गा पूजा के अवसर पर राज्यभर में एक विशेष 10 दिवसीय यात्रा-आधारित सांस्कृतिक महाउत्सव 'ट्रिब्यूट टू मां' का आयोजन करने जा रही है। इस महोत्सव के तहत राज्य के पांच प्रमुख स्थानों—बांकुड़ा के बिष्णुपुर, नंदीग्राम, सिलीगुड़ी, दुर्गापुर और बहरामपुर में दो-दो दिनों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन में कुमार सानू, शान, श्रेया घोषाल, मोनाली ठाकुर, अभिजीत और जून जैसे देश के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
पंचमी पर दीघा में मेगा शो, महालया को इडन गार्डन्स में पीएम मोदी की उपस्थिति
नबन्ना (राज्य सचिवालय) सूत्रों के अनुसार, पंचमी के दिन दीघा में सबसे बड़े मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें मोनाली ठाकुर, मधुश्री, अंतरा मित्रा, उज्जैनी और जून समेत कई प्रमुख कलाकार मंच संभालेंगे। वहीं, महालया के दिन से ही पूरा राज्य उत्सव के मूड में आ जाएगा। इस दिन रेड रोड पर 'रोड शो' और इडन गार्डन्स में 'मेगा शो' का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
विजया दशमी की शाम गंगा रिवरफ्रंट पर ड्रोन शो और आतिशबाजी
इस सांस्कृतिक उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण विजया दशमी की शाम को गंगा नदी के तट पर देखने को मिलेगा। विद्यासागर सेतु से बाबूघाट के बीच स्थित रिवरफ्रंट क्षेत्र, हावड़ा ब्रिज और हुगली नदी के किनारों को भव्य रोशनी से सजाया जाएगा। आकाश में 'आबार आशबे उमा' (फिर आएंगी मां उमा) थीम पर आधारित ड्रोन शो का आयोजन होगा।
गंगा की लहरों पर पहली बार फ्लोटिंग झांकी का प्रदर्शन
राज्य में पहली बार गंगा नदी के वक्ष पर तैरती हुई (फ्लोटिंग) झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यासागर सेतु से हावड़ा ब्रिज तक नदी के ऊपर अंतरराष्ट्रीय स्तर की आतिशबाजी की जाएगी। नबन्ना सूत्रों के मुताबिक, बाबूघाट, ग्वालियर घाट, प्रिंसप घाट और नदी किनारे दर्शकों के जुटने की व्यवस्था की जा रही है, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मौजूद रहने की संभावना है।