कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद यह पहली दुर्गा पूजा है। पूजा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच कोलकाता में इस साल भी सरकारी स्तर पर पूजा परिक्रमा की व्यवस्था की गई है। गुरुवार को राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने पूजा परिक्रमा का बुकलेट जारी किया।
चार माध्यमों से होगी पूजा परिक्रमा
परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने बताया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जिस तरह पूजा परिक्रमा का आयोजन किया जाता था, इस बार भी लगभग उसी व्यवस्था को जारी रखा गया है। श्रद्धालुओं के लिए चार माध्यमों से पूजा परिक्रमा की सुविधा उपलब्ध होगी। इनमें लग्जरी बस, एसी सरकारी बस, एसी ट्राम और जलमार्ग शामिल हैं।
लग्जरी बस और एसी बस की सुविधा
शहर और उपनगरीय इलाकों से आने वाले लोगों के लिए लग्जरी बस और एसी सरकारी बस के जरिए पूजा परिक्रमा की व्यवस्था रहेगी। इन बसों के माध्यम से कोलकाता के विभिन्न लोकप्रिय पूजा पंडालों और पारंपरिक बोनেদी बाड़ी की दुर्गा पूजा का दर्शन कराया जाएगा।
जलमार्ग से उत्तर कोलकाता की पूजा
उत्तर कोलकाता की पारंपरिक की पूजा देखने के लिए जलमार्ग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। सरकारी नौका के जरिए श्रद्धालु कई ऐतिहासिक पूजा स्थलों तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा एसी ट्राम से भी शहर की पूजा परिक्रमा का विकल्प रखा गया है।
इन पूजा का कराया जाएगा दर्शन
सरकारी पूजा परिक्रमा में मानिकतला घोष परिवार, मानिकतला साहा परिवार, कुमारटुली सेन परिवार, शोभाबाजार राजा राजकृष्ण देव की पूजा, शोभाबाजार बड़ा राजबाड़ी, चोरबागान चट्टोपाध्याय परिवार, चोरबागान मित्र परिवार, चोरबागान शील परिवार, दां बाड़ी, जोड़ासांको शिवकृष्ण दां बाड़ी, जानबाजार चौधरी बाड़ी, रानी रासमणि बाड़ी की दो पूजा, ठनठनिया दत्त बाड़ी और ठनठनिया लाहा परिवार की पूजा शामिल है।
लोकप्रिय पूजा पंडालों के लिए भी व्यवस्था
कोलकाता के लोकप्रिय पूजा पंडालों के लिए भी सरकारी पूजा परिक्रमा की सुविधा रहेगी। इसमें एकडालिया, सिंहि पार्क, बादामतला आशार संघ, संतोष मित्र स्क्वायर, नलिन सरकार स्ट्रीट, हाथीबागान सार्वजनिन सहित कई पूजा शामिल हैं।
दशमी के विसर्जन का भी जलमार्ग से दर्शन
दशमी के दिन विसर्जन देखने के लिए भी जलमार्ग से विशेष पूजा परिक्रमा की व्यवस्था की जाएगी। इसके जरिए श्रद्धालुओं को नदी से विसर्जन की प्रक्रिया देखने का अवसर मिलेगा।
सप्तमी से दशमी तक चलेगी पूजा परिक्रमा
सरकारी पूजा परिक्रमा सप्तमी से शुरू होकर दशमी तक चलेगी। चार दिनों के पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति लगभग 2,400 से 2,500 रुपये शुल्क रखा गया है। वहीं 5 से 10 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए शुल्क लगभग 1,800 से 1,900 रुपये होगा।
13 बस टर्मिनल से बुकिंग की सुविधा
पूजा परिक्रमा के लिए कोलकाता और आसपास के इलाकों के करीब 13 बस टर्मिनल से बुकिंग की जा सकेगी। इसके अलावा टेलीफोन के जरिए भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पूजा से पहले शुरू होगी नाइट बस सेवा
परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने बताया कि पूजा से पहले कोलकाता में नाइट बस सेवा शुरू करने की व्यवस्था की जाएगी। बाहर से आने वाले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह के समय अधिक संख्या में बस चलाने की योजना है।
जल परिवहन को बढ़ाने की तैयारी
अर्जुन सिंह ने यह भी बताया कि कोलकाता में जल परिवहन की कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर परिवहन विभाग की ओर से रिपोर्ट तैयार की जाएगी। आगामी 10 तारीख को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को यह रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि शहर में जलमार्ग की कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया जा सके।