कोलकाता: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) भवन की तीसरी मंजिल पर मंगलवार तड़के करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर तैनात फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और न ही किसी के हताहत होने की खबर है।
15 अगस्त की सजावट की टूनी लाइट में शॉर्ट सर्किट का संदेह
दमकल कर्मियों के प्राथमिक अनुमान के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर हवाई अड्डे को रंग-बिरंगी टूनी लाइटों से सजाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं लाइटों की वायरिंग में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग की चिंगारी निकली और तीसरी मंजिल के एक हिस्से में फैल गई, जिससे चारों ओर काला धुआं भर गया था। एयरपोर्ट कर्मियों ने धुआं और चिंगारी देखते ही तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया।
विमान सेवाओं पर नहीं पड़ा कोई असर
एटीसी भवन की 8वीं मंजिल से हवाई अड्डे का पूरा ट्रैफिक और विमानों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाता है। पायलटों को रनवे पर लैंडिंग, टेक-ऑफ, उड़ान की ऊंचाई और मार्ग संबंधी सभी निर्देश इसी एटीसी से दिए जाते हैं। चूंकि आग तीसरी मंजिल के एक छोटे हिस्से तक सीमित थी और इसे तुरंत बुझा दिया गया, इसलिए एटीसी के मुख्य कंट्रोल सिस्टम और विमानों की आवाजाही पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।