हावड़ा (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में सोमवार को हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने बड़ा हादसा कर दिया। जिले के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने की तीन घटनाओं में चार किसानों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जगतबल्लभपुर में खेत में काम कर रहे किसानों पर गिरी बिजली
सबसे बड़ी घटना जगतबल्लभपुर थाना क्षेत्र के माजू गांव में हुई, जहां बारिश के दौरान खेत में काम कर रहे चार किसान अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों की पहचान मानवेंद्र मंडल (50) और अनूप कर (45) के रूप में हुई है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आमता और बागनान में भी गई दो लोगों की जान
दूसरी घटना आमता थाना क्षेत्र के सोनामुई ढाकीपाड़ा गांव में हुई। बताया गया कि सुशांत रॉय (35) खेत से लौटने के बाद तालाब के किनारे अपना फावड़ा साफ कर रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरी घटना बागनान थाना क्षेत्र के काटापुकुर गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे एक अन्य किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें संबंधित स्थानों पर पहुंचीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है और मृतकों के परिजनों को सरकारी नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मौसम विभाग ने भी खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।