हाबड़ा: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के हाबड़ा थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर विश्वनाथ सेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह उनके सहकर्मियों ने बैरक में फंदे से लटका शव बरामद किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत की असली वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए बारासात मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
कोर्ट जाने वाले थे विश्वनाथ सेन
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को विश्वनाथ सेन को बारासात अदालत जाना था। लेकिन सुबह से ही वह थाने के परिसर में नजर नहीं आए। सहकर्मियों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की।
कमरे का दरवाजा तोड़कर बरामद हुआ शव
तलाश के दौरान सहकर्मी उनकी बैरक तक पहुंचे। कमरे का दरवाजा बंद मिलने के बाद उन्हें संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर विश्वनाथ सेन का शव फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनका शव खिड़की से गमछे के सहारे लटका हुआ था।
मौत की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस अधिकारी की मौत के पीछे क्या वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए शव को बारासात मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विश्वनाथ सेन की मौत किन परिस्थितियों में हुई।