पश्चिम बंगाल : के संदेशखाली क्षेत्र में हिंगलगंज की बीजेपी विधायक रेखा पात्रा के पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर विवाद गहरा गया है। पुलिस प्रशासन की ढुलमुल कार्यशैली और अपनी मां की सुरक्षा पर खतरा बताते हुए रेखा पात्रा ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की है और विधायक पद से इस्तीफा देने की चेतावनी दी है। इस घटनाक्रम और विधायक के रुख से राज्य बीजेपी नेतृत्व असमंजस की स्थिति में आ गया है।
रात के अंधेरे में मां को धमकी और हमले की कोशिश का आरोप
विधायक रेखा पात्रा ने आरोप लगाया है कि संदेशखाली के 'बऊ ठाकुरानी' इलाके स्थित उनके मायके में उनकी मां बेहद असुरक्षित माहौल में रह रही हैं। रात के अंधेरे में कुछ नकाबपोश बदमाश घर के सामने आकर गाली-गलौज करते हैं और उनकी मां के साथ मारपीट करने की कोशिश की गई है। इस पूरे मामले में विधायक ने अपने ही रिश्तेदारों (नस्कर परिवार) के सदस्यों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है।
'कार्रवाई हुई या सस्पेंड किया गया, तो खुद दे दूंगी इस्तीफा'
अपनी मां की सुरक्षा को लेकर आक्रामक नजर आईं बीजेपी विधायक ने कहा कि अगर उनके परिवार पर कोई हमला होता है तो वे पुलिस-प्रशासन को नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने दोटूक लहजे में कहा कि अगर उनके इस रुख के कारण पार्टी या प्रशासन उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई करता है या सस्पेंड करने की कोशिश करता है, तो वे खुद ही विधायक पद से इस्तीफा देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
2014 से चला आ रहा है 9 बीघा जमीन का पुराना विवाद
मामले की पृष्ठभूमि संदेशखाली 2 ब्लॉक के बऊ ठाकुरन गांव में स्थित 9 बीघा जमीन से जुड़ी है। वर्ष 2014 में जब रेखा पात्रा के पिता ने इस जमीन का रिकॉर्ड दर्ज कराने की कोशिश की थी, तभी से नस्कर परिवार के कालीपदो नस्कर और उनके बेटे सुभाष नस्कर के साथ विवाद चल रहा है। मामला पुलिस थाने से होता हुआ कोलकाता हाईकोर्ट तक पहुंचा था, जहां अदालत के आदेश के बाद पुलिस की मौजूदगी में जब जुताई का काम शुरू हुआ, तब भी दोनों पक्षों में तीखी झड़प हुई थी।
पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी में हाथापाई का वीडियो हुआ था वायरल
हाल ही में संदेशखाली से एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में तीखी हाथापाई होती दिखाई दे रही थी। आरोप है कि उस घटना के समय रेखा पात्रा खुद भी मौके पर मौजूद थीं। इस पुराने विवाद के कारण क्षेत्र में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल, बीजेपी के लिए बढ़ीं मुश्किलें
विधायक बनने के कुछ ही महीनों के भीतर रेखा पात्रा द्वारा पद छोड़ने की इच्छा जताने से बंगाल के राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं। संदेशखाली के मुद्दों को लेकर पहले से ही बैकफुट पर दिख रही राज्य बीजेपी के लिए अपनी ही विधायक के इस तरह के आक्रामक रुख और प्रशासनिक तंत्र पर उठाए गए सवालों ने नई सिरदर्दी खड़ी कर दी है।