कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता अगले साल वैश्विक ऊर्जा जगत के बड़े आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। India Energy Week 2027 का पांचवां संस्करण 28 से 31 जनवरी 2027 तक न्यू टाउन स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस आयोजन में दुनिया भर के ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे।
90 देशों की भागीदारी पर नजर
इस बार India Energy Week में करीब 90 देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही जा रही है, जिससे कोलकाता की वैश्विक ऊर्जा मंच के रूप में भूमिका और मजबूत होने की उम्मीद है। आधिकारिक आयोजन वेबसाइट के अनुसार, 2027 संस्करण में 13 अंतरराष्ट्रीय कंट्री पवेलियन होंगे, जिनमें कनाडा, चीन, जर्मनी, इटली, जापान, नीदरलैंड्स, नॉर्वे, ब्रिटेन, अमेरिका, स्वीडन, पोलैंड, स्पेन और डेनमार्क शामिल हैं।
75 हजार से ज्यादा प्रोफेशनल्स होंगे शामिल
India Energy Week 2027 को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। आयोजकों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में 75,000 से ज्यादा ऊर्जा क्षेत्र के प्रोफेशनल्स और 700 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। यहां तेल, गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, हाइड्रोजन, जैव ईंधन और ऊर्जा क्षेत्र की नई तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा।
ऊर्जा सुरक्षा से लेकर ग्रीन एनर्जी तक होगी चर्चा
चार दिनों के इस आयोजन में ऊर्जा सुरक्षा, ऊर्जा संक्रमण, डीकार्बोनाइजेशन, नेट-जीरो, नवीकरणीय ऊर्जा और नई तकनीकों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में हाइड्रोजन, बायोफ्यूल, LNG, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन, पेट्रोकेमिकल्स के साथ डिजिटलाइजेशन और AI जैसी तकनीकों पर भी फोकस रहेगा।
गोवा के बाद अब कोलकाता में आयोजन
India Energy Week 2027 का आयोजन इससे पहले गोवा में होता रहा है। अब पहली बार इसका अगला संस्करण कोलकाता के न्यू टाउन में आयोजित किया जाएगा। आयोजन से जुड़े अधिकारियों और संबंधित संस्थाओं ने तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज कर दी हैं।
भारत के ऊर्जा क्षेत्र के लिए अहम मंच
India Energy Week का आयोजन भारत के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संरक्षण में Federation of Indian Petroleum Industry (FIPI) की ओर से किया जाता है। इसका उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में वैश्विक सहयोग, निवेश, तकनीकी नवाचार और नीतिगत संवाद को बढ़ावा देना है।