कोलकाता: कोलकाता पहली बार अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा क्षेत्र के बड़े आयोजन India Energy Week (IEW) 2027 की मेजबानी करने जा रहा है। यह सम्मेलन 28 से 31 जनवरी 2027 तक न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। सोमवार को कोलकाता में हुए Curtain Raiser कार्यक्रम में शहर को IEW 2027 का आधिकारिक मेजबान घोषित किया गया।
केंद्रीय मंत्री समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, पश्चिम बंगाल के उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम विभाग के मंत्री तापस राय और राज्य के वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता मौजूद रहे। इस दौरान IEW 2027 की तैयारियों और सम्मेलन के उद्देश्य को लेकर जानकारी साझा की गई।
'Unlocking Innovation...' थीम पर होगा आयोजन
India Energy Week 2027 का पांचवां संस्करण 'Unlocking Innovation. Securing Energy. Shaping Tomorrow' थीम पर आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन में 75 हजार से अधिक ऊर्जा क्षेत्र के पेशेवरों और 700 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है।
ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य पर होगा मंथन
सम्मेलन में नीति निर्माता, ऊर्जा उद्योग के शीर्ष अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, निवेशक और विभिन्न देशों के उद्योग प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। ऊर्जा सुरक्षा, नई तकनीक, निवेश, नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा के भविष्य जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
हरदीप सिंह पुरी ने पूर्वी भारत की संभावनाओं पर दिया जोर
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि कोलकाता में India Energy Week के आयोजन से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के ऊर्जा क्षेत्र की भूमिका और निवेश की संभावनाओं को सामने लाने का अवसर मिलेगा। सम्मेलन के जरिए इस क्षेत्र की ऊर्जा क्षमता और विकास के अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
निवेश के लिए प्लेटफॉर्म बनेगा IEW 2027
तापस राय ने कहा कि यह सम्मेलन पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पूरे पूर्वी भारत में निवेश के अवसरों को सामने रखने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है। वहीं वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और असम को मिलाकर पूर्वी भारत भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर सकता है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गिनाईं राज्य की ऊर्जा परियोजनाएं
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि IEW 2027 के सफल आयोजन से पश्चिम बंगाल में नए निवेश, मौजूदा परियोजनाओं के विस्तार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने हल्दिया रिफाइनरी की नई इकाई, उज्ज्वला योजना और उत्तर 24 परगना के अशोकनगर में व्यावसायिक स्तर पर कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की खोज एवं उत्पादन का भी उल्लेख किया।
Goa IEW 2026 में 120 से अधिक देशों ने लिया था हिस्सा
साल 2026 में गोवा में आयोजित India Energy Week के चौथे संस्करण में 75 हजार से अधिक ऊर्जा पेशेवर, 700 से ज्यादा प्रदर्शनी कंपनियां और 120 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। सम्मेलन की विभिन्न चर्चाओं में 6,500 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था।
तेल-गैस से हाइड्रोजन और AI तक कई मुद्दों पर चर्चा
IEW 2027 में तेल एवं गैस, LNG, रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल्स के अलावा हाइड्रोजन, बायोफ्यूल, डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों पर भी चर्चा होगी। ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलाव और भविष्य की जरूरतों को लेकर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
FIPI के आयोजन में Informa Markets की भूमिका
India Energy Week 2027 का आयोजन Ministry of Petroleum and Natural Gas के संरक्षण में Federation of Indian Petroleum Industry (FIPI) द्वारा किया जा रहा है। Informa Markets इस सम्मेलन के Conference Organiser के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहा है।