कोलकाता: करीब सात महीने पहले मेसी विवाद के बाद अब कोलकाता एक और बड़े अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल आयोजन की तैयारी कर रहा है। अक्टूबर में प्रस्तावित भारत-ब्राज़ील फुटबॉल मैच को लेकर राज्य सरकार ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नेताजी इंडोर स्टेडियम में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा
बैठक में खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खान, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के अध्यक्ष कल्याण चौबे, खेल विभाग, लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आयोजन की सुरक्षा, यातायात, स्टेडियम की तैयारियों और दर्शकों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
खेल अवसंरचना पर सरकार का फोकस
खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खान ने कहा कि बंगाल को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भारतीय फुटबॉल टीम नियमित रूप से बंगाल में खेल सके, इसके लिए विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है।
टिकट ब्लैक मार्केटिंग रोकने पर जोर
बैठक में यह भी तय किया गया कि आयोजन के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा। टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए डिजिटल और तकनीकी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, ताकि दर्शकों को पारदर्शी तरीके से टिकट उपलब्ध हो सकें।
3 अक्टूबर को हो सकता है मुकाबला
ब्राज़ील के मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार 3 अक्टूबर को कोलकाता के युवा भारती क्रीड़ांगन में भारत और ब्राज़ील के बीच अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेला जा सकता है। हालांकि जानकारी के मुताबिक इस दौरे पर ब्राज़ील की मुख्य टीम नहीं, बल्कि उसकी 'ए' टीम भारत आएगी। मैच की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।