कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नई सरकार के 100 दिनों के काम से संतुष्ट नजर आए कार्तिक महाराज। उन्होंने सरकार के अब तक के कामकाज पर खुशी जताते हुए कहा कि इन 100 दिनों में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी कई काम बाकी हैं, जिन्हें जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
आंदोलन से प्रभावित लोगों के लिए सरकार से अपील
कार्तिक महाराज ने बंगाल के विभिन्न आंदोलनों से जुड़े और उससे प्रभावित लोगों की समस्याओं पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने अपील की कि ऐसे लोगों की परेशानियों को गंभीरता से लिया जाए और जरूरत के मुताबिक सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाए।
सड़कों के नाम बदलने पर भी बोले कार्तिक महाराज
सड़कों के नाम बदलने के मुद्दे पर कार्तिक महाराज ने बताया कि इसके लिए गठित कमेटी में वह भी सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग सड़कों के नामों की समीक्षा की जा रही है। नामकरण में देश के इतिहास और बंगाल की संस्कृति से जुड़े नामों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जा रहा है।
6-7 नए नामों के प्रस्ताव सामने आए
कार्तिक महाराज के मुताबिक, बंगाल में कुछ सड़कों के ऐसे नाम हैं, जिनका भारत के इतिहास या पहचान से सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 6-7 नए नामों के प्रस्ताव सामने आए हैं। इसके अलावा महाप्रभु और श्रीरामकृष्ण के नाम पर भी सड़कों का नामकरण किए जाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।