मालदा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मालदा में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल और देश के विकास को लेकर अपनी बात रखी।
‘सेवा और संकल्प के जरिए देश को आगे बढ़ा रहे पीएम मोदी’
खगेन मुर्मू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सेवाकाल में देश की सेवा और विकास के लिए लगातार काम किया है। उनके नेतृत्व में भारत आज दुनिया में एक नई ऊंचाई पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि 2047 तक देश पूरी तरह विकसित और आत्मनिर्भर भारत के रूप में स्थापित हो सके।
विपक्षी दलों पर खगेन मुर्मू का हमला
विपक्षी दलों के आंदोलन और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के छत्तीसगढ़ दौरे को रद्द किए जाने से जुड़े सवाल पर खगेन मुर्मू ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भारत और देश की जनता के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं और देश को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
खगेन मुर्मू ने दावा किया कि इस तरह के आंदोलनों में विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे प्रयासों का विरोध करेगी और यह आंदोलन ज्यादा समय तक नहीं चलेगा।
TMC पर भी साधा निशाना
बंगाल की राजनीति को लेकर खगेन मुर्मू ने TMC पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि माओवादी और TMC से जुड़े लोग बंगाल की जनता को लूटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को दोबारा लूटने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा पर भी टिप्पणी
अभिषेक बनर्जी के सुरक्षा को लेकर हाई कोर्ट जाने के सवाल पर खगेन मुर्मू ने कहा कि अभिषेक बनर्जी कहीं भी जा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी लगातार लोगों को धमकाने की राजनीति कर रहे हैं और बंगाल की जनता के हितों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।