कोलकाता: कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में 11 हजार कंठों से गीता पाठ का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए साधु-संतों के साथ मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, नगर एवं शहरी विकास विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पाल, बंगाल बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार समेत राज्य के कई मंत्री और विशिष्ट लोग मौजूद रहे।
सुबह से कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगे श्रद्धालु
गीता पाठ कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही नेताजी इंडोर स्टेडियम परिसर में श्रद्धालुओं और पुण्यार्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर में गीता पाठ और शास्त्र अध्ययन के प्रति लोगों में रुचि बढ़ाना है।
पिछले साल ब्रिगेड में हुआ था बड़ा आयोजन
पिछले साल भी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बड़े स्तर पर गीता पाठ का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में इस साल नेताजी इंडोर स्टेडियम में 11 हजार कंठों से गीता पाठ किया गया। वहीं, साल के अंत में एक बार फिर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बड़े स्तर पर गीता पाठ आयोजित करने की घोषणा की गई है।
30 दिसंबर को 10 लाख कंठों से गीता पाठ का दावा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि आगामी 30 दिसंबर को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 10 लाख कंठों से गीता पाठ किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि यह आयोजन एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में राज्य सरकार इस तरह के आयोजनों में किसी तरह की बाधा नहीं डालेगी।
साधु-संतों के सम्मान पर सरकार की सख्ती का संदेश
सनातनी आयोजनों और साधु-संतों को लेकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि साधु-संतों का अपमान या उन पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने हालिया बागेश्वर धाम विवाद का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसे मामलों में सरकार की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
'अब किसी तरह का डर नहीं, समय बदल गया है'
मुख्यमंत्री ने कहा, “अब किसी तरह का डर नहीं है, समय बदल गया है।” अपने संबोधन में उन्होंने गोमाता की रक्षा का भी उल्लेख किया और कहा कि उनकी सरकार इस दिशा में काम करेगी।
ममता के 'आजादी' बयान पर सुवेंदु का पलटवार
ममता बनर्जी के 'आजादी' संबंधी हालिया बयान पर भी सुवेंदु अधिकारी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश को 1947 में ही आजादी मिल चुकी है। इस दौरान उन्होंने राज्य में सत्ता परिवर्तन का भी जिक्र किया।
पितृपक्ष में दुर्गापूजा के उद्घाटन पर भी बयान
दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि अब पितृपक्ष के दौरान दुर्गापूजा का उद्घाटन नहीं किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र गीता महोत्सव में बंगाल सरकार का पवेलियन
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुरुक्षेत्र में होने वाले गीता महोत्सव में पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से पवेलियन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सभी के साथ रहेगी।
10 लाख कंठों में गीता पाठ की तैयारी
कोलकाता में 11 हजार कंठों से गीता पाठ के बाद अब 30 दिसंबर को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 10 लाख कंठों से गीता पाठ के आयोजन की घोषणा की गई है। इससे साल के अंत में कोलकाता में एक बड़े धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों का संकेत मिला है।