कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के साइंस सिटी में 12 से 14 जुलाई तक आयोजित 60वें गारमेंट बायर्स एंड सेलर्स मीट एवं B2B एक्सपो का शुभारंभ हो गया। पश्चिम बंगाल गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन (WBGMDA) की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय एक्सपो में देश-विदेश के 1,000 से अधिक ब्रांड हिस्सा ले रहे हैं। लगभग 2 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में आयोजित इस आयोजन से थोक बाजार में करीब 1,600 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद जताई गई है।
इन नेताओं ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य, पश्चिम बंगाल सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तापस राय, नगर विकास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री उमेश राय, राजस्थान के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राठौड़, विधायक दिलीप सिंह और विधायक ऋतेश तिवारी ने किया। इस दौरान WBGMDA के अध्यक्ष हरि किशन राठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय करिवाला, उपाध्यक्ष प्रदीप मुरारका, मानद सचिव देवेंद्र बैद और कार्यकारिणी सदस्य मनीष अग्रवाल समेत उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
पूर्वी भारत का बड़ा बिजनेस प्लेटफॉर्म
WBGMDA के अध्यक्ष हरि किशन राठी ने कहा कि 60वां गारमेंट बायर्स एंड सेलर्स मीट एसोसिएशन की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके अनुसार यह आयोजन वर्षों में पूर्वी भारत के सबसे बड़े बिजनेस नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित हुआ है, जहां निर्माता, थोक व्यापारी, रिटेलर और प्रमुख ब्रांड एक साथ आते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एक्सपो नए व्यापारिक अवसरों के साथ राज्य के गारमेंट और टेक्सटाइल उद्योग को नई गति देगा।
रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
WBGMDA के मानद सचिव देवेंद्र बैद ने कहा कि गारमेंट उद्योग राज्य में रोजगार सृजन का एक प्रमुख क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि B2B एक्सपो का उद्देश्य उद्योग से जुड़े कारोबारियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे नए बाजार रुझानों को समझ सकें, व्यापारिक साझेदारी बढ़ा सकें और अपने कारोबार का विस्तार कर सकें। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से करीब 1,600 करोड़ रुपये के व्यापार की संभावना है।
1962 से उद्योग के विकास में सक्रिय है WBGMDA
पश्चिम बंगाल गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन की स्थापना वर्ष 1962 में हुई थी। 570 से अधिक सदस्यों वाले इस संगठन का संचालन भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स के अंतर्गत होता है। एसोसिएशन वर्ष में दो बार गारमेंट बायर्स एंड सेलर्स मीट आयोजित करने के साथ सेमिनार, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और उद्योग से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करती है। संगठन सरकारी नीतियों की जानकारी अपने सदस्यों तक पहुंचाने और उद्योग से जुड़े विवादों के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।