कोलकाता: पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कोलकाता एयरपोर्ट के विस्तार और दूसरे रनवे के एप्रोच क्षेत्र में स्थित मस्जिद को वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए इसे राज्य के विकास के हित में लिया गया साहसिक निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि कोलकाता को विश्वस्तरीय विमानन केंद्र बनाने के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण समय की मांग है।
कोलकाता एयरपोर्ट को विश्वस्तरीय बनाने पर जोर
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि कोलकाता केवल पूर्वी भारत का प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि देश के प्रमुख आर्थिक और रणनीतिक केंद्रों में से एक है। ऐसे में इसे दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख महानगरों के हवाई अड्डों के बराबर विकसित करने के लिए एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं का विकास आवश्यक है।
दूसरे रनवे के विस्तार में बाधा का मुद्दा
उन्होंने कहा कि राज्यसभा में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि दूसरे रनवे के एप्रोच क्षेत्र में स्थित मस्जिद के कारण रनवे का पूर्ण उपयोग और भविष्य के विस्तार में तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इसके अलावा नए टर्मिनल निर्माण और एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की जरूरत बताई गई थी।
विकास, सुरक्षा और जनहित को बताया प्राथमिकता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने विकास, सुरक्षा और जनहित को प्राथमिकता देते हुए मस्जिद को उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने दावा किया कि एयरपोर्ट की सुरक्षा और विस्तार योजना के तहत स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
'सभी धर्मों का सम्मान, लेकिन विकास में बाधा नहीं'
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है और ऐसा समाधान चाहती है जिससे लोगों के धार्मिक अधिकार सुरक्षित रहें। साथ ही कोलकाता को पूर्ण क्षमता वाला रनवे, भविष्य में विश्वस्तरीय एरोसिटी, अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, नए निवेश और हजारों रोजगार के अवसर मिल सकें।
'तुष्टिकरण नहीं, विकास की राजनीति'
उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि विकास के मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार, कोलकाता को वैश्विक स्तर का विमानन केंद्र बनाने के लिए यह परिवर्तन आवश्यक है और राजनीति तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि विकास की होनी चाहिए।