कोलकाता: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार शाम करोड़ों रुपये की कीमती धातुओं और रत्नों की तस्करी की कोशिश को पुलिस ने विफल कर दिया। बिधाननगर पुलिस के एनएससीबीआई थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
400 ग्राम सोना और चांदी बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम अवतार शर्मा के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एयरपोर्ट से बाहर निकल रही एक स्कूटी को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 400 ग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। इसके अलावा कई सौ ग्राम चांदी भी जब्त की गई।
हीरा, रूबी और पन्ना भी मिले
जांच में पुलिस को आरोपी के कब्जे से हीरा, रूबी (चूनी), पन्ना और अन्य कीमती धातुएं भी मिली हैं। इन सभी की अनुमानित कीमत को मिलाकर बरामद सामान का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ रुपये आंका गया है।
बड़ाबाजार ले जाया जा रहा था सामान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एयरपोर्ट परिसर में एक व्यक्ति से सोने के आभूषण लेकर स्कूटी से कोलकाता के बड़ाबाजार की ओर जा रहा था। रास्ते में पुलिस ने उसे दबोच लिया और पूरा सामान जब्त कर लिया।
तस्करी गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी को आज बैरकपुर अदालत में पेश करेगी और रिमांड की मांग करेगी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस नेटवर्क का संचालन कहां से किया जा रहा था।