कोलकाता: क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए मशहूर कोलकाता का ऐतिहासिक एलेन पार्क (पार्क स्ट्रीट) इस बार शरद उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा। कोलकाता सनातनी संघ द्वारा एलेन पार्क परिसर में पहली बार भव्य थीम आधारित दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने मीडिया को बताया कि पार्क स्ट्रीट जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाना प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता है।
'तांडव' थीम पर बन रहा पेंडाल, शबेकी रूप में दिखेंगी मां दुर्गा
एलेन पार्क में आयोजित हो रही इस पहली दुर्गा पूजा की 'तांडव' थीम पर आधारित पेंडाल और प्रतिमा का निर्माण कलाकार सुब्रत चौधरी कर रहे हैं। कोलकाता सनातनी संघ के अध्यक्ष शंकुदेव पांडा ने बताया कि इलाके में किसी थीम पूजा के न होने के कारण यह पहल की गई है।
पारंपरिक स्वरूप: पेंडाल की थीम आधुनिक और भव्य होगी, जबकि मां दुर्गा की प्रतिमा पारंपरिक (शबेकी) रूप में रहेगी।
विशेष अनुष्ठान: अष्टमी की रात 5,000 महिलाओं की उपस्थिति में जगराता और नवमी पर नौ कन्याओं के पूजन के साथ 'नवदुर्गा पूजा' का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम: पूजा के दौरान बॉलीवुड हस्तियों और कलाकारों की उपस्थिति में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और फायर सेफ्टी पर पुलिस की पैनी नजर
दुर्गा पूजा पेंडालों के निरीक्षण के दौरान कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने बताया कि शहर के सभी बड़े पूजा पेंडालों के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू किया गया है।कमिश्नर ने कहा, "हमारी मुख्य प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू क्राउड सर्कुलेशन, अग्निशमन (फायर फाइटिंग) व्यवस्था, इमरजेंसी एग्जिट और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करना है। पार्क स्ट्रीट एक व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए हम इस बात का पूरा ध्यान रख रहे हैं कि ट्रैफिक बाधित न हो और दर्शनार्थियों को भी कोई परेशानी न हो।"
शहर में 300 से अधिक बड़ी पूजा, वीआईपी दौरों को लेकर भी सुरक्षा पुख्ता
पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने जानकारी दी कि इस वर्ष कोलकाता में 300 से अधिक स्थानों पर बड़े पूजा आयोजनों की प्रक्रिया चल रही है, जिसके लिए सिंगल-विंडो पोर्टल 'सहज' के माध्यम से स्वीकृतियां दी जा रही हैं।इसके साथ ही उन्होंने बताया कि महालया के अवसर पर ईडन गार्डन्स में आयोजित होने वाले रोड शो और ड्रोन शो के मद्देनजर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। एलेन पार्क के बाद पुलिस कमिश्नर ने चेतला और सुरुचि संघ सहित central व दक्षिण कोलकाता की अन्य प्रमुख पूजा समितियों की तैयारियों का भी जायजा लिया।