कोलकाता: कोलकाता के मैदान स्थित ऐतिहासिक एलियट पार्क की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली एक बार फिर आम जनता के लिए पूरी तरह से दृश्यमान हो गई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की पहल पर कोलकाता नगर निगम (KMC) ने चौरंगी रोड की तरफ से पार्क को घेरने वाली टिन की ऊंची बाड़ को पूरी तरह से हटा दिया है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पार्क की 'पहले और बाद' की तस्वीरें साझा करते हुए नगर निगम का धन्यवाद किया।
पूर्व सरकार और 'माननीया' पर साधा निशाना
सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नाम लिए बिना राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि पूर्व सरकार की 'माननीया' जब पार्क में टहलती थीं, तब उन्हें आम लोगों की नजरों से छिपाकर रखने के लिए एलियट पार्क के प्राकृतिक सौंदर्य को ऊंची टिन की बाड़ से घेर दिया गया था। अब इस बाड़ को हटाकर पार्क के मनोरम दृश्य को सभी के लिए खोल दिया गया है।
जनता की संपत्ति जनता के लिए समर्पित
मुख्यमंत्री ने कोलकाता नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टिन की बाड़ हटने से आम नागरिक पार्क की हरियाली और सुंदरता का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता की संपत्ति हमेशा जनता के उपयोग और आनंद के लिए ही खुली रहनी चाहिए।