कोलकाता: देश भर में मनाए जाने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर की पूर्व संध्या पर महिलाओं की सुरक्षा, स्वतंत्रता और आत्मविश्वास का संदेश देने के लिए कोलकाता में 14 अगस्त की रात एक विशेष प्रतीक पदयात्रा (वॉकथॉन) 'फ्रीडम बियॉन्ड मिडनाइट' का आयोजन किया जा रहा है। 'द वॉल' (The Wall) संस्था की इस अनूठी पहल में समाज के सभी वर्गों की महिलाओं से शामिल होने का आह्वान किया गया है। इस मध्यरात्रि वॉकथॉन का उद्घाटन राज्य की नगर विकास एवं शहरी मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल मुख्य अतिथि के रूप में करेंगी।
कोलकाता पुलिस की 'दुर्गा वाहिनी' भी होगी शामिल
इस ऐतिहासिक वॉकथॉन को कोलकाता पुलिस का पूरा समर्थन मिला है। सुरक्षा और सहयोग का संदेश देते हुए कोलकाता पुलिस की विशेष महिला टीम 'दुर्गा वाहिनी' की महिला पुलिसकर्मी भी इस पदयात्रा में कदम से कदम मिलाकर चलेंगी। इस पहल का उद्देश्य यह संदेश देना है कि रात का समय महिलाओं के लिए भय का कारण नहीं बनना चाहिए और सड़कों पर निर्भीक होकर चलना उनका अधिकार है।
"कब निकलूं और क्या पहनूं, यह कोई और तय नहीं करेगा": अग्निमित्रा पॉल
कार्यक्रम से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने महिलाओं के अधिकारों पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं के पहनावे और उनके बाहर निकलने के समय पर सामाजिक पाबंदियां लगाने की मानसिकता पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "हम कब बाहर निकलेंगे, कब लौटेंगे और क्या पहनेंगे, यह कोई दूसरा तय नहीं कर सकता। महिलाओं को भयमुक्त माहौल और सुरक्षा प्रदान करना सरकार का कर्तव्य है।" उन्होंने विकृत मानसिकता पर हमला बोलते हुए कहा कि अपराधों के लिए महिलाओं के चरित्र या पहनावे पर सवाल उठाना पूरी तरह गलत है।
वॉकथॉन का रूट और समय
यह वॉकथॉन 14 अगस्त की रात 9 बजे बालीगंज शिक्षा सदन से शुरू होगी। प्रतिभागी गड़ियाहाट ब्रिज से होते हुए गोलपार्क पहुंचेंगे और फिर ब्रिज के निचले रास्ते से वापस बालीगंज शिक्षा सदन लौटेंगे। मंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि यह कोई दौड़ प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि कंधे से कंधा मिलाकर चलने और एकजुटता प्रदर्शित करने का एक प्रतीक अभियान है। इस पदयात्रा में महिलाओं के साथ उनके परिवार, नागरिक समाज के प्रबुद्ध लोग और प्रशासनिक प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।