कोलकाता: दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल के भीतर बुधवार दोपहर को नौवीं कक्षा के एक छात्र पर सहपाठी द्वारा चाकू से किए गए हमले के मामले में पुलिस की शुरुआती जांच में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह हमला अचानक नहीं हुआ था, बल्कि इससे पहले भी आरोपी छात्र दो बार उसी सहपाठी को निशाना बना चुका था। फिलहाल पुलिस ने स्कूल को नोटिस जारी कर सीसीटीवी फुटेज और हथियार (चाकू) सौंपने को कहा है, साथ ही पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पहली क्लास के दौरान हुआ था जानलेवा हमला
पुलिस और सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर को स्कूल के डे सेक्शन की पहली क्लास के दौरान यह घटना घटी। आरोपी छात्र पहली बेंच पर बैठा था, जबकि पीड़ित छात्र और कुछ अन्य छात्र शिक्षिका से बात कर रहे थे। शिक्षिका के निर्देश पर जब पीड़ित छात्र अपनी बेंच की ओर जाने लगा, तभी आरोपी ने बैग से कुछ निकाला और अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित छात्र के हाथ की उंगली गंभीर रूप से घायल हो गई और गले का एक हिस्सा भी कट गया, जिससे क्लास में अफरातफरी मच गई।
पहले भी दो बार कर चुका था सहपाठी पर हमला
जांच में सामने आया है कि यह कोई पहली घटना नहीं थी। इससे करीब तीन महीने पहले भी आरोपी छात्र ने ब्लेड जैसी किसी चीज से इसी सहपाठी पर हमला किया था, हालांकि तब मामला दब गया था। इसके अलावा, घटना से ठीक एक दिन पहले यानी मंगलवार को भी स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें आरोपी ने सहपाठी का गला घोंटने की कोशिश की थी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या पीड़ित छात्र के ऑटिस्टिक होने और अकेले रहने के कारण आरोपी उसके प्रति दुर्भावना रखता था।

स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी पुलिस की नजर
घटना के करीब चार घंटे बाद स्कूल प्रशासन द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के मामले को भी गंभीरता से लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि चाकू जैसा खतरनाक हथियार छात्र स्कूल के अंदर कैसे लेकर आया। गुरुवार को गरियाहाट थाने की ओर से स्कूल को नोटिस जारी कर सीसीटीवी फुटेज और इस्तेमाल किया गया चाकू पुलिस के हवाले करने का निर्देश दिया गया है। आरोपी के परिवार से भी कुछ दस्तावेज जुटाए गए हैं।
जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जा सकता है आरोपी
इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घायल छात्र के बयान दर्ज कर लिए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्राप्त साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस आरोपी नाबालिग छात्र को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के समक्ष पेश कर सकती है और बोर्ड के निर्देशों के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।