कोलकाता: कोलकाता हाईकोर्ट को जल्द ही नौ नए न्यायाधीश मिलने जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के आधार पर केंद्र सरकार के विधि मंत्रालय ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के साथ ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब शपथ ग्रहण के बाद सभी नए न्यायाधीश आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभालेंगे और अदालत में मामलों की सुनवाई शुरू करेंगे।
कॉलेजियम ने मई में भेजी थी सिफारिश
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 11 और 12 मई को कोलकाता हाईकोर्ट के लिए नौ अधिवक्ताओं के नाम न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी। केंद्र सरकार ने सभी नामों को मंजूरी दे दी है। इससे हाईकोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

किन-किन अधिवक्ताओं को बनाया गया न्यायाधीश
नियुक्त किए गए नए न्यायाधीशों में इंद्रनील राय, आर्यक दत्ता, अतरूप बंद्योपाध्याय, संदीप कुमार डे, पार्थप्रतिम राय, सुदीप देव, अनुज सिंह, अर्जुन राय मुखोपाध्याय और रिशाद मेदोरा शामिल हैं। ये सभी अब तक कोलकाता हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे।
शपथ के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी
राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद अब सभी नियुक्त न्यायाधीश शपथ ग्रहण करेंगे। इसके बाद वे कोलकाता हाईकोर्ट में न्यायिक कार्य शुरू करेंगे। न्यायाधीशों की संख्या बढ़ने से अदालत के कामकाज और लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आने की संभावना है।