कोलकाता: न्यू मार्केट इलाके के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में बुधवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड ने कई लोगों की जान ले ली। हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत और 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकांश बांग्लादेशी नागरिक थे, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे।
आधी रात को जोर-जोर से खटखटाया दरवाजा
हादसे से बच निकली एक बांग्लादेशी महिला ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि रात करीब 1:40 से 1:50 बजे के बीच वह अपने कमरे में फोन चला रही थीं और उनके पति सो रहे थे। इसी दौरान अचानक किसी ने जोर-जोर से दरवाजा खटखटाना शुरू किया।
महिला ने बताया कि पहले उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। पति के उठने के बाद जब उन्होंने दरवाजे की तरफ देखा तो कमरे के अंदर तेजी से धुआं भरता नजर आया।
दरवाजा नहीं खोला, खिड़की बनी जिंदगी बचाने का रास्ता
कमरे में धुआं बढ़ता देख दोनों ने दरवाजा खोलने का जोखिम नहीं उठाया और खिड़की की तरफ चले गए। महिला के मुताबिक, खिड़की के एक हिस्से पर जाली लगी थी, जिसे उनके पति ने किसी तरह खोला।
इसके बाद दोनों खिड़की से बाहर निकलकर जाली को पकड़कर लटक गए और नीचे मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाने लगे। वे लगातार ‘हेल्प’ और फायर सर्विस को बुलाने की आवाज लगा रहे थे।
स्कूटी सवार दो लोगों ने सुनी चीख-पुकार
महिला ने बताया कि उसी दौरान नीचे से स्कूटी पर गुजर रहे दो लोगों ने उनकी आवाज सुनी। दोनों ने तुरंत फायर सर्विस को फोन किया। कुछ ही देर बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और खिड़की के रास्ते फंसे दंपति को सुरक्षित बाहर निकाला।
‘पूरा कमरा धुएं से भर गया था’
महिला ने बताया कि कमरे में इतना ज्यादा धुआं भर गया था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। चारों तरफ अंधेरा और धुआं था, इसलिए उनके पास खिड़की से बाहर निकलने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग पांच मंजिला इमारत के तीसरे तल पर लगी थी और देखते ही देखते घना धुआं पूरे भवन में फैल गया। घटना के बाद होटल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
आग की वजह की जांच जारी
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही आग के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।